स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा गठित उड़नदस्ता दल ने सहायक संचालक यू.आर. चंद्राकर के नेतृत्व में तथा एम.आई.एस. प्रशासक सतीश कुमार यदु के साथ संयुक्त रूप से परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य परीक्षा प्रक्रिया की निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं सुचारू संचालन सुनिश्चित करना था।
उड़नदस्ता दल द्वारा जिन परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया गया, उनमें पीएम सेजेस उत्कृष्ट हिन्दी माध्यम कवर्धा,
सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कवर्धा, स्वामी करपात्री जी शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कवर्धा तथा सेजेस कवर्धा रानी दुर्गावती चौक शामिल रहे।
निरीक्षण के दौरान सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्वक एवं पूर्णतः व्यवस्थित ढंग से संचालित होती पाई गई। किसी भी केंद्र में अव्यवस्था या अनुचित गतिविधि का कोई मामला सामने नहीं आया। उड़नदस्ता दल ने कक्षाओं में बैठने की व्यवस्था, प्रश्नपत्र वितरण, उत्तरपुस्तिका संधारण तथा कक्ष निरीक्षकों की उपस्थिति की भी बारीकी से जांच की।
दल द्वारा यह भी देखा गया कि परीक्षा भवनों में परीक्षार्थियों के लिए पेयजल, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, प्रसाधन सुविधा तथा बैठने के लिए पर्याप्त फर्नीचर की समुचित व्यवस्था की गई थी। केंद्राध्यक्षों द्वारा शासन के निर्देशों के अनुरूप सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित की गई थीं।
निरीक्षण में यह तथ्य भी सामने आया कि किसी भी परीक्षा केंद्र में नकल अथवा अनुचित साधनों के उपयोग से संबंधित कोई प्रकरण दर्ज नहीं किया गया है तथा ऐसे परीक्षार्थियों की संख्या शून्य पाई गई। इससे यह स्पष्ट होता है कि जिले में परीक्षा संचालन को लेकर सख्त निगरानी एवं प्रभावी व्यवस्थाएं लागू हैं।
इसके अतिरिक्त सभी केंद्रों में स्वास्थ्य एवं आपातकालीन सुविधा के अंतर्गत ग्लूकोज, ओआरएस तथा अन्य प्राथमिक उपचार सामग्री की उपलब्धता भी सुनिश्चित पाई गई। परीक्षा ड्यूटी में लगे कर्मचारियों को आकस्मिक स्थिति से निपटने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
उड़नदस्ता दल ने बोर्ड द्वारा निर्धारित प्रपत्रों, पंजियों एवं उपस्थिति रजिस्टर के विधिवत संधारण की भी जांच की। सभी दस्तावेज सही एवं अद्यतन पाए गए। केंद्राध्यक्षों को निर्देशित किया गया कि परीक्षा अवधि के दौरान शासन एवं बोर्ड द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन किया जाए।
जिला प्रशासन द्वारा बोर्ड परीक्षा की पारदर्शिता एवं निष्पक्षता बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। प्रशासन का स्पष्ट संदेश है कि किसी भी प्रकार की अनियमितता या अनुचित साधनों के उपयोग को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कुल मिलाकर कवर्धा जिले में कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षा शांतिपूर्ण, व्यवस्थित एवं अनुशासित वातावरण में संपन्न हो रही है।