बसना के सरस्वती शिशु मंदिर का शानदार परीक्षा परिणाम, विद्यार्थियों ने किया उत्कृष्ट प्रदर्शन
बसना के सरस्वती शिशु मंदिर का सत्र 2025-26 का परीक्षा परिणाम उत्कृष्ट रहा। विद्यार्थियों ने विभिन्न कक्षाओं में शानदार अंक प्राप्त कर विद्यालय और नगर का नाम रोशन किया।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l बसना स्थित सरस्वती शिशु मंदिर ने एक बार फिर शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता का परचम लहराया है। सत्र 2025-26 का परीक्षा परिणाम 30 अप्रैल 2026 को घोषित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय, अपने अभिभावकों और पूरे नगर का नाम गौरवान्वित किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती, ओम एवं भारत माता के छाया चित्र के समक्ष विधिवत पूजन-अर्चन के साथ हुआ। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष रामचंद्र अग्रवाल, व्यवस्थापक धनेश्वर साहू, कोषाध्यक्ष जितेंद्र अग्रवाल, समन्वयक रमेश कर, संरक्षक सदस्य आनंद राम मदनानी, ललिता रात्रे, पुष्पलता साव सहित प्राचार्य धनुर्जय साहू एवं प्रधानाचार्य भरोस राम साव की गरिमामयी उपस्थिति रही।
विद्यालय के विभिन्न कक्षाओं के परिणामों में विद्यार्थियों ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की। कक्षा प्रथम में आयुष स्वर्णकार ने 100 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि कक्षा द्वितीय में लोकेन्द्र साव ने भी 100 प्रतिशत अंक प्राप्त कर शीर्ष स्थान प्राप्त किया। कक्षा उदय में खुशाल साहू ने 99.66 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान अर्जित किया, वहीं कक्षा अरुण में दिशा नाग ने 99 प्रतिशत अंक के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया।
अन्य कक्षाओं में भी विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। कक्षा पंचम में डलिमा दास, कक्षा षष्ठ में श्रुति प्रधान, कक्षा सप्तम में पूजा साव और कक्षा अष्टम में खुशी साव ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं कक्षा नवम में रिमझिम कठाने, कक्षा दशम में अप्सा परवीन, कक्षा एकादश में पुनम साव और कक्षा द्वादश में दीपिका सढंगी ने शीर्ष स्थान हासिल कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।
कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को तिलक-चंदन लगाकर प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में अभिभावक एवं शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे और विद्यार्थियों की सफलता पर खुशी जाहिर की।
समारोह को संबोधित करते हुए समन्वयक रमेश कर ने कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों के पूरे वर्ष के कठिन परिश्रम का परिणाम है। उन्होंने छात्रों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि जो विद्यार्थी अपेक्षित सफलता नहीं प्राप्त कर सके हैं, वे और अधिक मेहनत कर भविष्य में बेहतर प्रदर्शन करें।
संरक्षक सदस्य आनंद राम मदनानी ने विद्यार्थियों के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ-साथ संस्कार भी उतने ही महत्वपूर्ण हैं। वहीं अध्यक्ष रामचंद्र अग्रवाल ने कहा कि शिशु मंदिर में पढ़ाई के साथ-साथ नैतिक शिक्षा और संस्कारों पर भी विशेष ध्यान दिया जाता है, जिससे विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास हो सके।
उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि वे अपने बच्चों के जीवन में सकारात्मक वातावरण प्रदान करें, क्योंकि घर का माहौल बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल नौकरी प्राप्त करना नहीं, बल्कि बच्चों को आत्मनिर्भर और जिम्मेदार नागरिक बनाना है।
अंत में प्राचार्य धनुर्जय साहू ने सभी अतिथियों, अभिभावकों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम का संचालन देवप्रसाद साव, प्रवेश प्रधान एवं अभिमन्यु दास द्वारा किया गया।