कारगिल विजय दिवस पर कैंसर जागरूकता महिला बाइक राइड का शुभारंभ, राज्य महिला आयोग अध्यक्ष को सौंपा गया आमंत्रण
The Riding Hawks Chhattisgarh Biker Club ने कैंसर जागरूकता महिला बाइक राइड के शुभारंभ के लिए राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष ममता साहू को मुख्य अतिथि बनने का आमंत्रण दिया। अभियान का उद्देश्य कैंसर के प्रति जागरूकता, समय पर जांच और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l कारगिल विजय दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाली कैंसर जागरूकता महिला बाइक राइड को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में The Riding Hawks Chhattisgarh Biker Club के प्रतिनिधिमंडल ने छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष ममता साहू से सौजन्य भेंट कर उन्हें अभियान के शुभारंभ समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का औपचारिक आमंत्रण दिया।
प्रतिनिधिमंडल ने ममता साहू से अनुरोध किया कि वे कार्यक्रम में उपस्थित होकर हरित ध्वज दिखाकर रायपुर से सीमा तक आयोजित कैंसर जागरूकता महिला बाइक राइड को रवाना करें। इस दौरान उन्हें अभियान के उद्देश्य, महिला राइडर्स की भागीदारी और सामाजिक जागरूकता से जुड़े विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी भी दी गई।
The Riding Hawks Chhattisgarh Biker Club द्वारा रॉयल एनफील्ड शोरूम, पंडरी, रायपुर के सहयोग से आयोजित इस विशेष अभियान का उद्देश्य समाज में कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाना, समय पर स्वास्थ्य जांच के महत्व को समझाना तथा महिलाओं को आत्मविश्वासी, सुरक्षित और जिम्मेदार बाइक राइडिंग के लिए प्रेरित करना है।
इस अभियान के तहत छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से महिला बाइक राइडर्स रायपुर से सीमा तक मोटरसाइकिल यात्रा करेंगी। यात्रा के दौरान वे आमजन को कैंसर की प्रारंभिक पहचान, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, समय पर उपचार और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश देंगी। आयोजकों का मानना है कि जनभागीदारी के माध्यम से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाई जा सकती है।
The Riding Hawks Chhattisgarh Biker Club महिलाओं का एक सक्रिय मोटरसाइकिल राइडिंग समूह है, जिसकी स्थापना सोनाली गुहा, डॉ. नम्रता और मेघा चंद्राकर ने की है। यह संगठन महिला सशक्तिकरण, सड़क सुरक्षा और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर समय-समय पर जागरूकता अभियान संचालित करता है। क्लब का उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर, सुरक्षित और जिम्मेदार राइडिंग के लिए प्रोत्साहित करना है।
इस अभियान के आयोजन में रॉयल एनफील्ड शोरूम, पंडरी का सहयोग प्राप्त है। कार्यक्रम की इवेंट कोऑर्डिनेटर वर्षा तिर्की हैं, जो पूरे आयोजन का समन्वय कर रही हैं। आयोजकों ने प्रदेशभर की महिला राइडर्स और आम नागरिकों से इस जनहितकारी अभियान में सहभागिता निभाने तथा कैंसर जागरूकता के संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की अपील की है। उनका कहना है कि समाज की सामूहिक भागीदारी से ही स्वास्थ्य के प्रति जागरूक और जिम्मेदार वातावरण तैयार किया जा सकता है।