कबीरधाम में साइबर जागृति अभियान, 10 किमी साइकिल रैली से दिया डिजिटल सुरक्षा का संदेश

कबीरधाम पुलिस ने साइबर जागृति अभियान के तहत स्कूली विद्यार्थियों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार, स्मार्टफोन प्राइवेसी और सेफ ब्राउजिंग की जानकारी दी। जिले में 10 किलोमीटर की साइकिल रैली निकालकर साइबर अपराधों से बचाव का संदेश दिया गया। पर्वतारोही समीरा खान ने विद्यार्थियों को अपने अनुभव साझा करते हुए बड़े सपने देखने और मेहनत के साथ उन्हें पूरा करने के लिए प्रेरित किया।

Sep 10, 2026 - 11:01
 0  3
कबीरधाम में साइबर जागृति अभियान, 10 किमी साइकिल रैली से दिया डिजिटल सुरक्षा का संदेश

UNITED NEWS OF ASIA. कवर्धा l कबीरधाम पुलिस द्वारा जिले में साइबर जागृति अभियान के तहत आमजन, विद्यार्थियों और युवाओं को साइबर अपराधों से बचाव तथा सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के प्रति लगातार जागरूक किया जा रहा है। इसी क्रम में 9 सितंबर 2026 को थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों में विशेष साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी देने के साथ 10 किलोमीटर की साइकिल रैली निकालकर आम नागरिकों तक साइबर जागरूकता का संदेश पहुंचाया गया।

यह अभियान पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार और अमित पटेल के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। गुरुकुल पब्लिक स्कूल, अशोका पब्लिक स्कूल, श्रीरामकृष्ण पब्लिक स्कूल और दुर्गावती चौक स्थित स्वामी श्री आत्मानंद स्कूल में विद्यार्थियों के लिए साइबर जागरूकता कार्यक्रम हुए। इनमें पुलिस अनुविभागीय अधिकारी प्रशांत देवांगन, स्वतंत्र पर्वतारोही एवं लंबी दूरी की साइकिल चालक समीरा खान तथा साइबर पुलिस टीम से सहायक उपनिरीक्षक संजीव तिवारी सहित पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

पुलिस अनुविभागीय अधिकारी प्रशांत देवांगन ने विद्यार्थियों को स्मार्टफोन प्राइवेसी और सेफ ब्राउजिंग के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि डिजिटल माध्यमों का उपयोग करते समय सावधानी रखना बेहद जरूरी है। विद्यार्थियों को सोशल मीडिया अकाउंट की प्राइवेसी सेटिंग मजबूत रखने, अनजान लिंक और संदिग्ध वेबसाइटों से बचने तथा अज्ञात एप्लीकेशन डाउनलोड नहीं करने की समझाइश दी गई। इसके अलावा विद्यार्थियों को पासवर्ड, ओटीपी, बैंकिंग संबंधी जानकारी और निजी सूचनाएं किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करने के लिए जागरूक किया गया।

साइबर पुलिस टीम ने ऑनलाइन ठगी, फिशिंग, फर्जी लिंक, संदिग्ध एप्लीकेशन और सोशल मीडिया के जरिए होने वाले साइबर अपराधों के संबंध में भी विद्यार्थियों को जानकारी दी। पुलिस ने समझाया कि किसी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि या साइबर ठगी की स्थिति में घबराने के बजाय तत्काल सतर्कता बरतते हुए पुलिस या साइबर हेल्पलाइन से सहायता लेनी चाहिए। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को इंटरनेट और स्मार्टफोन का सुरक्षित तरीके से इस्तेमाल करने के लिए जागरूक बनाना रहा।

कार्यक्रम में पर्वतारोही और लंबी दूरी की साइकिल चालक समीरा खान ने भी विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने अपने संघर्ष और उपलब्धियों के अनुभव साझा करते हुए बच्चों को बड़े सपने देखने तथा उन्हें पूरा करने के लिए निरंतर मेहनत और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। आंध्र प्रदेश के अनंतपुर की समीरा खान अब तक 11 पहाड़ों की चढ़ाई कर चुकी हैं और 7 चोटियों पर तिरंगा फहरा चुकी हैं। उनकी उपलब्धियों में नेपाल की करीब 6,859 मीटर ऊंची अमा दबलम चोटी पर चढ़ाई भी शामिल है। इसके अलावा उन्होंने साइकिल से 37 देशों की यात्रा करने का अनुभव भी साझा किया।

समीरा खान ‘मिशन माउंट एवरेस्ट’ के लक्ष्य के साथ भारत में सोलो साइकिल यात्रा कर रही हैं। यात्रा के दौरान वे ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर लड़कियों के सशक्तिकरण, दहेज प्रथा, उत्पीड़न, असमानता और सामाजिक भेदभाव जैसे मुद्दों पर जागरूकता का संदेश दे रही हैं। कबीरधाम में उन्होंने साइबर जागृति अभियान के साथ जुड़कर विद्यार्थियों को डिजिटल सुरक्षा के प्रति भी जागरूक किया।

साइकिल रैली के माध्यम से पुलिस टीम और समीरा खान ने नागरिकों से साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने की अपील की। कार्यक्रमों में संबंधित स्कूलों के प्राचार्य, शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कबीरधाम पुलिस ने बताया कि साइबर जागृति अभियान आगे भी स्कूलों, महाविद्यालयों और सार्वजनिक स्थानों तक पहुंचाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों को साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी मिल सके।