रायपुर में ILS Walkathon 2.0 का भव्य आयोजन, अंगदान जागरूकता के लिए 3500 से अधिक लोग हुए शामिल

रायपुर के मरीन ड्राइव पर ILS हॉस्पिटल द्वारा आयोजित ‘Walkathon 2.0’ में 3500 से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया। अभियान का उद्देश्य अंगदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना और इससे जुड़ी भ्रांतियों को दूर करना था। आयोजकों के अनुसार, ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के माध्यम से 8000 से अधिक लोगों ने भी अभियान का समर्थन किया।

Oct 25, 2026 - 20:13
 0  2
रायपुर में ILS Walkathon 2.0 का भव्य आयोजन, अंगदान जागरूकता के लिए 3500 से अधिक लोग हुए शामिल

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l अंगदान के महत्व को जन-जन तक पहुंचाने और जरूरतमंद मरीजों को नया जीवन देने के उद्देश्य से ILS हॉस्पिटल रायपुर द्वारा रविवार, 25 अक्टूबर 2026 को मरीन ड्राइव में ‘ILS Walkathon 2.0’ का आयोजन किया गया। ‘चलो साथ चलें, जीवन के लिए चलें’ थीम पर आधारित इस जागरूकता अभियान में 3500 से अधिक लोगों ने भाग लिया। इसमें शहर के गणमान्य नागरिकों, युवाओं, विद्यार्थियों, स्वास्थ्यकर्मियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। आयोजकों के अनुसार, ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के माध्यम से 8000 से अधिक लोगों ने भी इस अभियान के प्रति अपना समर्थन जताया।

मरीन ड्राइव से शुरू हुए वॉकथॉन में प्रतिभागियों ने अंगदान के महत्व को दर्शाने वाले बैनर और तख्तियां लेकर लोगों को जागरूक किया। कार्यक्रम के माध्यम से अंगदान को लेकर समाज में मौजूद झिझक और भ्रांतियों को दूर करने तथा अधिक से अधिक लोगों को इस जीवनदायी पहल से जोड़ने का संदेश दिया गया। आयोजन स्थल पर अंगदान के समर्थन में जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं, जिनमें लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्व भारतीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर राजेश चौहान, विशेष अतिथि पद्मश्री अनुज शर्मा, डीजीपी राजीव श्रीवास्तव, सहायक पुलिस महानिरीक्षक यातायात संजय शर्मा, ILS हॉस्पिटल ग्रुप के ग्रुप सीओओ डॉ. विशाल गोयल, सीओओ डॉ. सौरभ चोरड़िया तथा वरिष्ठ चिकित्सकों ने हरी झंडी दिखाकर किया। अतिथियों ने अंगदान के महत्व पर अपने विचार रखे और ILS हॉस्पिटल की इस पहल की सराहना की। उन्होंने लोगों, विशेषकर युवाओं से अंगदान के प्रति जागरूक होने और इस दिशा में संकल्प लेने की अपील की।

कार्यक्रम में ILS हॉस्पिटल के कई वरिष्ठ विशेषज्ञ और चिकित्सक भी शामिल हुए। इनमें रीनल साइंस एवं ट्रांसप्लांट फिजिशियन के क्लिनिकल लीड डॉ. प्रवाश चौधरी, यूरोलॉजिस्ट एवं ट्रांसप्लांट सर्जन डॉ. हर्ष जैन, कंसल्टेंट गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट डॉ. हनीश शर्मा, पैंक्रियाटिक सर्जरी एवं लिवर ट्रांसप्लांट सर्जन डॉ. हितेश दुबे और कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. कुणाल ओस्तवाल प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। चिकित्सकों ने भी वॉकथॉन में भाग लेकर अंगदान के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।

वॉकथॉन के समापन पर प्रतिभागियों के लिए लकी ड्रॉ का आयोजन किया गया। इसके माध्यम से ईवी स्कूटर, टैबलेट और अन्य उपहार वितरित किए गए। इससे कार्यक्रम में शामिल लोगों का उत्साह और बढ़ा।

ILS हॉस्पिटल रायपुर के मार्केटिंग हेड सतनाम सिंह ने आयोजन को सफल बनाने के लिए अतिथियों, प्रतिभागियों, मीडिया प्रतिनिधियों और सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे जन-जागरूकता अभियान जारी रखने की बात कही, ताकि अंगदान के महत्व को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जा सके और समाज में जीवन बचाने के इस कार्य के प्रति सकारात्मक सोच विकसित हो।