सहसपुर लोहारा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, कार की डिक्की से 35 पाव अंग्रेजी शराब बरामद, आरोपी गिरफ्तार

कबीरधाम जिले के सहसपुर लोहारा थाना पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कार की डिक्की में शराब छिपाकर ले जा रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 35 पाव अंग्रेजी शराब, कुल 6.300 बल्क लीटर, और शराब परिवहन में इस्तेमाल स्वीप्ट कार जब्त की है। जब्त मशरूका की कुल कीमत 3 लाख 4 हजार 200 रुपये बताई गई है। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया।

Sep 10, 2026 - 10:53
 0  4
सहसपुर लोहारा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, कार की डिक्की से 35 पाव अंग्रेजी शराब बरामद, आरोपी गिरफ्तार

UNITED NEWS OF ASIA. कवर्धा l कबीरधाम जिले में अवैध शराब, जुआ और अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत थाना सहसपुर लोहारा पुलिस ने अवैध रूप से अंग्रेजी शराब का परिवहन कर रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 35 पाव अंग्रेजी शराब बरामद की है, जिसे कार की डिक्की में बोरी के अंदर छिपाकर ले जाया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने शराब परिवहन में इस्तेमाल सफेद रंग की स्वीप्ट कार को भी जब्त किया है। पुलिस के अनुसार जब्त शराब और वाहन समेत कुल मशरूका की कीमत करीब 3 लाख 4 हजार 200 रुपये है।

पुलिस के मुताबिक 8 सितंबर 2026 को थाना सहसपुर लोहारा क्षेत्र में मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति सफेद रंग की स्वीप्ट कार में अवैध अंग्रेजी शराब लेकर जा रहा है। सूचना के अनुसार शराब को कार की डिक्की में बोरी के अंदर छिपाया गया था। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया और निर्देशानुसार बांधाटोला तिराहा के पास घेराबंदी की। कुछ समय बाद संदिग्ध सफेद रंग की कार वहां पहुंची, जिसे पुलिस टीम ने रोककर तलाशी ली।

वाहन की तलाशी के दौरान कार की डिक्की में रखी सफेद रंग की बोरी से JAMMU कंपनी की 35 पाव अंग्रेजी शराब बरामद हुई। प्रत्येक पाव में 180 एमएल शराब थी और कुल मात्रा 6.300 बल्क लीटर बताई गई है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 4,200 रुपये बताई गई। पुलिस ने शराब के साथ परिवहन में इस्तेमाल सफेद रंग की स्वीप्ट कार क्रमांक CG-09 JV-0826 को भी गवाहों के समक्ष जब्त कर लिया। वाहन की अनुमानित कीमत करीब 3 लाख रुपये है। इस तरह शराब और वाहन समेत कुल 3,04,200 रुपये का मशरूका जब्त किया गया।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना नाम छोटेलाल साहू, पिता ज्ञान सिंह साहू, उम्र 43 वर्ष, निवासी कोयलारी, थाना सिंघपुरी जंगल बताया। पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध अवैध रूप से शराब का परिवहन करने का मामला पाया गया। इसके बाद थाना सहसपुर लोहारा में अपराध क्रमांक 131/2026 दर्ज किया गया। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत कार्रवाई की गई। गिरफ्तारी की प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे रिमांड पर भेजा गया।

यह कार्रवाई कबीरधाम पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र यादव के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार और अमित पटेल के मार्गदर्शन तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी अपूर्वा क्षत्रिय के दिशा-निर्देशन में की गई। थाना प्रभारी सहसपुर लोहारा निरीक्षक मनीष मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। कार्रवाई में प्रशिक्षु उप निरीक्षक विजय कुमार वर्मा, अभिमन्यु साहू, सहायक उप निरीक्षक बलदाऊ भट्ट, प्रधान आरक्षक शमशेर अली, आरक्षक राजू सोनवानी और सैनिक भंवर सिंह का विशेष योगदान रहा।

सहसपुर लोहारा पुलिस ने कहा है कि जिले में अवैध शराब, जुआ और अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस द्वारा अवैध गतिविधियों पर नजर रखते हुए सूचना के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।