आईपीएल मैच के लिए रायपुर में ट्रैफिक प्लान जारी, स्टेडियम के आसपास वाहनों पर सख्त नियम लागू
रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में 13 मई को होने वाले आईपीएल मैच को देखते हुए यातायात पुलिस ने विस्तृत ट्रैफिक और पार्किंग व्यवस्था जारी की है। विभिन्न शहरों से आने वाले दर्शकों के लिए अलग-अलग रूट तय किए गए हैं तथा भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा।
UNITED NEWS OF ASIA. हसीब अख्तर, रायपुर l रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के तहत रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) और कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के बीच होने वाले बहुप्रतीक्षित मैच को लेकर यातायात पुलिस ने विस्तृत मार्ग और पार्किंग व्यवस्था जारी की है। यह मैच 13 मई को आयोजित होगा, जिसमें बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की संभावना है।
दर्शकों और खिलाड़ियों के सुरक्षित एवं सुगम आवागमन को ध्यान में रखते हुए पुलिस प्रशासन ने शहर और आसपास के क्षेत्रों से आने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग मार्ग निर्धारित किए हैं।
रायपुर शहर से आने वाले दर्शक
रायपुर शहर से आने वाले दर्शकों को तेलीबांधा थाना तिराहा, NH-53 से सेरीखेड़ी ओवरब्रिज होकर नया रायपुर मार्ग के जरिए स्टेडियम तक पहुंचने का निर्देश दिया गया है। यहां परसदा कोसा पार्किंग में वाहन खड़ा कर पैदल स्टेडियम में प्रवेश करना होगा। पार्किंग भरने की स्थिति में श्री सत्य साईं अस्पताल और सेंध तालाब पार्किंग का उपयोग किया जाएगा।
बिलासपुर की ओर से आने वाले दर्शक
बिलासपुर से आने वाले दर्शकों को रिंग रोड नंबर-03, विधानसभा चौक, राजू ढाबा जंक्शन, NH-53 और मंदिर हसौद होकर नवागांव मार्ग से स्टेडियम टर्निंग तक पहुंचने का मार्ग दिया गया है। यहां भी वाहन को परसदा और कोसा पार्किंग में पार्क करना होगा।
बलौदाबाजार और खरोरा मार्ग
इस दिशा से आने वाले दर्शकों को विधानसभा ओवरब्रिज चौक से रिंग रोड-03 होते हुए नया रायपुर पहुंचने और निर्धारित पार्किंग में वाहन खड़ा करने के निर्देश दिए गए हैं।
जगदलपुर-धमतरी मार्ग
इस मार्ग से आने वाले दर्शक अभनपुर, केन्द्री, उपरवारा और मंत्रालय चौक होते हुए सेंध तालाब और परसदा पार्किंग तक पहुंचेंगे।
दुर्ग-भिलाई से आने वाले दर्शक
दुर्ग-भिलाई से आने वाले दर्शकों को टाटीबंध, रिंग रोड-01, पचपेढ़ी नाका, तेलीबांधा होकर नया रायपुर पहुंचने और पार्किंग स्थलों का उपयोग करने को कहा गया है।
महासमुंद-सरायपाली मार्ग
इस मार्ग से आने वाले दर्शकों के लिए आरंग होते हुए सीधे स्टेडियम टर्निंग तक पहुंचने की व्यवस्था की गई है।
पासधारी वाहनों के लिए विशेष व्यवस्था
पार्किंग पासधारी वाहनों (A, B, C, D, E, F, G) के लिए अलग रूट निर्धारित किया गया है, जिसके तहत वे सेरीखेड़ी ओवरब्रिज, डॉ. खूबचंद बघेल चौक और सेक्टर-15/21 होते हुए अपने निर्धारित पार्किंग स्थल तक पहुंच सकेंगे।
भारी वाहनों पर प्रतिबंध
सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए 10 मई को दोपहर 3 बजे से रात 1 बजे तक नया रायपुर के सभी प्रवेश मार्गों पर मध्यम और भारी मालवाहक वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
प्रतिबंधित वस्तुएं
स्टेडियम में प्रवेश के दौरान शराब, बीड़ी-सिगरेट, ज्वलनशील पदार्थ, हथियार, बैग, कांच की बोतलें, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, लेजर लाइट, डंडे, छाते, खाने-पीने की बाहरी वस्तुएं और अन्य कई वस्तुओं पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है।
पुलिस प्रशासन ने दर्शकों से अपील की है कि वे निर्धारित नियमों का पालन करें और ट्रैफिक व्यवस्था में सहयोग करें, ताकि मैच के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो और आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।