बिना नंबर प्लेट स्कूटी से हो रही थी शराब तस्करी, 9 लीटर अंग्रेजी शराब के साथ युवक गिरफ्तार

एमसीबी जिले के मनेन्द्रगढ़ में सिटी कोतवाली पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बिना नंबर प्लेट स्कूटी से अंग्रेजी शराब का परिवहन कर रहे युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब 9 लीटर अंग्रेजी शराब और परिवहन में इस्तेमाल टीवीएस जुपिटर स्कूटी जप्त की गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

May 13, 2026 - 10:56
 0  6
बिना नंबर प्लेट स्कूटी से हो रही थी शराब तस्करी, 9 लीटर अंग्रेजी शराब के साथ युवक गिरफ्तार

UNITED NEWS OF ASIA. जमील अंसारी l एमसीबी जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिटी कोतवाली मनेन्द्रगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने बिना नंबर प्लेट की स्कूटी में अवैध अंग्रेजी शराब का परिवहन कर रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब 9 लीटर अंग्रेजी शराब और परिवहन में प्रयुक्त टीवीएस जुपिटर स्कूटी जप्त की गई है। पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में अवैध कारोबार के खिलाफ सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह (आईपीएस) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र नायक के मार्गदर्शन में जिलेभर में अवैध शराब बिक्री और परिवहन के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान सिटी कोतवाली मनेन्द्रगढ़ पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक युवक बिना नंबर प्लेट की स्कूटी में अंग्रेजी शराब लेकर मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी मार्ग से गुजरने वाला है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और रेलवे पुलिया के पास घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन का इंतजार करने लगी। कुछ देर बाद पुलिस को नीले रंग की टीवीएस जुपिटर स्कूटी दिखाई दी, जिसे रोककर जांच की गई। तलाशी लेने पर वाहन चालक के पास से गोवा कंपनी की अंग्रेजी व्हिस्की बरामद हुई।

पुलिस ने मौके से 50 पाव अंग्रेजी शराब जप्त की, जिसकी कुल मात्रा लगभग 9 लीटर बताई गई है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 6 हजार 750 रुपए आंकी गई है। इसके अलावा शराब परिवहन में उपयोग की जा रही बिना नंबर प्लेट की स्कूटी को भी जब्त कर लिया गया।

पूछताछ में आरोपी की पहचान पारस मणि प्रजापति, पिता रमेश प्रजापति, उम्र 25 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 06 इंटा भट्ठा दफाई झगराखांड के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। बाद में आरोपी को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया।

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी विवेक पाटले, एएसआई अभिषेक पाण्डेय, हेड कांस्टेबल पुष्कल सिन्हा (साइबर सेल), आरक्षक प्रमोद, जीतेन्द्र और दीप सहित सिटी कोतवाली मनेन्द्रगढ़ पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने टीम की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई की सराहना की है।

एमसीबी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब कारोबार, तस्करी और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान जारी रहेगा। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध शराब बिक्री या परिवहन की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचना दें ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

लगातार हो रही पुलिस कार्रवाई से यह साफ है कि प्रशासन जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पूरी तरह सक्रिय है।