लोकतंत्र में मीडिया की बड़ी भूमिका, प्रशासन और जनता के बीच सशक्त सेतु: रोक्तिमा यादव
कोरिया जिले की नवपदस्थ कलेक्टर रोक्तिमा यादव ने प्रेस कांफ्रेंस में मीडिया को लोकतंत्र का मजबूत स्तंभ बताते हुए कहा कि प्रशासन और जनता के बीच संवाद स्थापित करने में मीडिया की अहम भूमिका है। उन्होंने पारदर्शी, समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्यों को प्राथमिकता देने की बात कही तथा जिले के समग्र विकास के लिए टीमवर्क पर जोर दिया।
UNITED NEWS OF ASIA. जमील अंसारी कोरिया l कोरिया जिले की नवपदस्थ कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी रोक्तिमा यादव ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया प्रतिनिधियों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने लोकतंत्र में मीडिया की भूमिका को बेहद महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि मीडिया प्रशासन और आम जनता के बीच एक सशक्त सेतु का कार्य करती है। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं और जनहितकारी कार्यों को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में मीडिया की भागीदारी बेहद अहम होती है।
प्रेस कांफ्रेंस के दौरान रोक्तिमा यादव ने कहा कि करीब 21 वर्षों की शासकीय सेवा में सरगुजा संभाग में कार्य करने का यह उनका पहला अवसर है। उन्होंने कोरिया जिले को संभावनाओं से भरा जिला बताते हुए कहा कि यहां विकास के कई अवसर मौजूद हैं, जिन पर टीमवर्क और बेहतर समन्वय के माध्यम से काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता पारदर्शी, समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्यों को सुनिश्चित करना होगी।
पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि मीडिया केवल खबरों का माध्यम नहीं है, बल्कि प्रशासनिक व्यवस्था को आईना दिखाने का भी कार्य करती है। मीडिया द्वारा उठाए गए मुद्दों और सुझावों से कार्यप्रणाली में सुधार आता है और पारदर्शिता बनी रहती है। उन्होंने कहा कि एक जिम्मेदार और सक्रिय मीडिया लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में अहम योगदान देती है।
रोक्तिमा यादव ने बताया कि मुख्यालय और विभिन्न कार्यालयों में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए ऑनलाइन उपस्थिति प्रणाली को आवश्यक बनाया गया है। इससे प्रशासनिक कार्यों में जवाबदेही बढ़ेगी और आम नागरिकों को समय पर सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि शासन की फ्लैगशिप योजनाओं को प्रभावी ढंग से लोगों तक पहुंचाने में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
सुशासन तिहार शिविरों को लेकर जानकारी देते हुए कलेक्टर ने कहा कि शिविरों में प्राप्त होने वाले प्रत्येक आवेदन का गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ परीक्षण किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि आम जनता की समस्याओं का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए ताकि लोगों का प्रशासन पर भरोसा और मजबूत हो सके।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर डीडी मण्डावी ने जिले में चल रहे जनगणना कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जनगणना प्रक्रिया को व्यवस्थित और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन स्तर पर सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।
प्रेस कांफ्रेंस में जिला पंचायत सीईओ डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी, एडीएम सुरेन्द्र वैद्य, जिला जनसंपर्क अधिकारी सहित बड़ी संख्या में प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया प्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान प्रशासन और मीडिया के बीच बेहतर समन्वय तथा जनहित के मुद्दों पर सहयोग को लेकर भी चर्चा हुई।
रोक्तिमा यादव की यह पहली प्रेस कांफ्रेंस प्रशासन और मीडिया के बीच सकारात्मक संवाद की दिशा में महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है। उनके वक्तव्य से यह स्पष्ट संकेत मिला कि आने वाले समय में कोरिया जिले में सुशासन, पारदर्शिता और विकास कार्यों को नई गति देने का प्रयास किया जाएगा।