नगर पालिका परिषद पंडरिया द्वारा शासकीय बुनियादी पूर्व माध्यमिक शाला और पुराने बस स्टैंड परिसर में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान विद्यालय परिसर और बस स्टैंड क्षेत्र में सफाई कर कचरे एवं अपशिष्ट को हटाया गया। सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने के साथ जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों एवं नागरिकों ने श्रमदान में सहभागिता की।
इसी तरह नगर पंचायत पांडातराई में भी स्वच्छता श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। विभिन्न सार्वजनिक स्थलों और आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई की गई। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, मुख्य नगर पालिका अधिकारी सहित नगर पंचायत के अधिकारी-कर्मचारियों ने श्रमदान किया। इस दौरान नागरिकों को सार्वजनिक स्थानों पर कचरा नहीं फैलाने और अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने के लिए जागरूक किया गया।
जनपद पंचायत सहसपुर लोहारा अंतर्गत ग्राम पंचायत नवागांव में पंचायत प्रतिनिधियों ने मंदिर परिसर और स्कूल परिसर में श्रमदान कर सफाई की। ग्राम गुलालपुर में भी साफ-सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान उपस्थित लोगों को स्वच्छता बनाए रखने की शपथ दिलाई गई।
ग्राम पंचायत बाजार चारभाठा में जनपद सदस्य एवं सभापति सुदर्शन कुम्भकार, सरपंच शिवम कुम्भकार, मितानिन, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों की सहभागिता में स्वच्छता अभियान चलाया गया। यहां स्कूलों, पंचायत भवन, आंगनबाड़ी केंद्र, स्वास्थ्य केंद्र और अन्य सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई की गई।
ग्राम पंचायत कुटकीपारा में भी स्वच्छता ही सेवा 2026 के अंतर्गत सफाई अभियान आयोजित किया गया। वहीं सेवा संकल्प अभियान एवं स्वच्छता ही सेवा 2026 के तहत तालपुर में सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई की गई। ग्राम पंचायत मजगांव में भी स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत सफाई कार्य किया गया।
जिले के विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित इन अभियानों में जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, मितानिनों और ग्रामीणों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। स्वच्छता अभियान के माध्यम से सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ और व्यवस्थित रखने तथा कचरे का उचित प्रबंधन करने का संदेश दिया गया।
अभियान के दौरान नागरिकों से अपील की गई कि वे सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न फैलाएं और अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें। साथ ही स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित न रखते हुए इसे दैनिक जीवन की आदत बनाने पर जोर दिया गया।
सेवा संकल्प अभियान और स्वच्छता ही सेवा 2026 के तहत आयोजित इन गतिविधियों में जनभागीदारी के माध्यम से स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया। नगरीय क्षेत्रों से लेकर ग्राम पंचायतों तक चले श्रमदान और सफाई अभियानों में स्थानीय लोगों की सहभागिता देखने को मिली।