कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के लिए स्वास्थ्य जागरूकता क्विज एवं पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया और हृदय स्वास्थ्य से जुड़े महत्वपूर्ण संदेशों को पोस्टर के माध्यम से रचनात्मक तरीके से प्रस्तुत किया। क्विज प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों के स्वास्थ्य संबंधी ज्ञान में वृद्धि करने के साथ उन्हें हृदय को स्वस्थ रखने के आवश्यक उपायों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को बताया गया कि हृदय शरीर का महत्वपूर्ण अंग है, जो पूरे शरीर में रक्त और ऑक्सीजन पहुंचाने का कार्य करता है। हृदय को स्वस्थ रखने के लिए संतुलित एवं पौष्टिक आहार का सेवन, नमक और वसा का सीमित उपयोग, नियमित शारीरिक गतिविधि एवं व्यायाम, पर्याप्त नींद तथा तनाव को नियंत्रित रखना आवश्यक है।
विद्यार्थियों को तंबाकू और धूम्रपान से पूरी तरह दूर रहने की सलाह दी गई। साथ ही रक्तचाप, रक्त शर्करा और कोलेस्ट्रॉल की नियमित जांच कराने तथा स्वास्थ्य से जुड़े किसी भी असामान्य लक्षण को नजरअंदाज नहीं करने के लिए जागरूक किया गया। स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को स्वस्थ दिनचर्या अपनाने और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने के महत्व के बारे में भी जानकारी दी गई।
इस अवसर पर डॉ. हर्षित तुवानी ने हृदय स्वास्थ्य एवं हृदय रोगों से बचाव से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी विद्यार्थियों के साथ साझा की। उन्होंने स्वस्थ दिनचर्या को जीवन का हिस्सा बनाने और नियमित स्वास्थ्य जांच के प्रति जागरूक रहने की बात कही।
कार्यक्रम जिला कार्यक्रम प्रबंधक अनुपमा तिवारी के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। इस अवसर पर जिला एनसीडी सलाहकार आकांक्षा लिखार एवं गौरव सोनी, जेएसए, शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज के प्राचार्य एवं स्टाफ उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर विद्यार्थियों को तंबाकू सेवन से होने वाले स्वास्थ्य दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों से तंबाकू से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया। विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को उत्साहवर्धन के लिए पुरस्कृत किया गया।
स्वास्थ्य विभाग ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी हृदय स्वास्थ्य, तंबाकू नियंत्रण तथा नियमित स्वास्थ्य जांच के प्रति जागरूक करें। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को हृदय को स्वस्थ रखने के लिए दैनिक जीवन में स्वास्थ्यकर आदतों को अपनाने का संदेश दिया गया।