कैबिनेट मंत्री के गृह क्षेत्र में बदहाल सड़क, ग्रामीणों ने PMGSY पर लगाए अनदेखी के आरोप
बलरामपुर जिले की ग्राम पंचायत चंद्रनगर में अटल चौक से नेहरू नगर चौक तक करीब 2.25 किलोमीटर लंबी सड़क वर्षों से जर्जर हालत में है। ग्रामीणों का आरोप है कि खराब सड़क के कारण स्कूली बच्चों, मरीजों और आम लोगों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार शिकायत करने के बावजूद प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत सड़क निर्माण या मरम्मत की दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
UNITED NEWS OF ASIA. अली खान, बलरामपुर l बलरामपुर जिले के ग्राम पंचायत चंद्रनगर में बुनियादी सुविधाओं की स्थिति पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। देश को आजाद हुए कई दशक बीत चुके हैं, लेकिन आज भी कई ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क जैसी मूलभूत सुविधा लोगों के लिए सपना बनी हुई है। ऐसा ही मामला कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम के गृह क्षेत्र से सामने आया है, जहां ग्राम पंचायत चंद्रनगर के अटल चौक से नेहरू नगर चौक तक जाने वाली लगभग 2.25 किलोमीटर लंबी मुख्य सड़क वर्षों से बदहाल स्थिति में पड़ी हुई है।
ग्रामीणों के अनुसार सड़क पूरी तरह गड्ढों और कीचड़ में तब्दील हो चुकी है। बरसात के दिनों में स्थिति और अधिक गंभीर हो जाती है। सड़क पर जलभराव और फिसलन के कारण पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। यह मार्ग चंद्रनगर और नेहरू नगर को जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है, जिससे प्रतिदिन सैकड़ों छात्र-छात्राएं स्कूल और कॉलेज आते-जाते हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि खराब सड़क के कारण बच्चे आए दिन गिरकर घायल हो जाते हैं। कई बार उनके कपड़े और किताबें भी खराब हो जाती हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि चुनाव के दौरान जनप्रतिनिधि और नेता गांव पहुंचकर सड़क निर्माण सहित कई विकास कार्यों का आश्वासन देते हैं, लेकिन चुनाव समाप्त होने के बाद इन वादों पर कोई अमल नहीं होता।
ग्रामीणों ने बताया कि सड़क की जर्जर हालत का सबसे ज्यादा असर आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं पर पड़ रहा है। यदि रात के समय किसी बुजुर्ग, गर्भवती महिला या गंभीर रूप से बीमार व्यक्ति को अस्पताल ले जाने की जरूरत पड़ जाए, तो खराब सड़क के कारण एम्बुलेंस का पहुंचना बेहद कठिन हो जाता है। ऐसी परिस्थितियों में मरीजों को समय पर इलाज नहीं मिल पाता, जिससे उनकी जान तक जोखिम में पड़ जाती है।
ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क के निर्माण और डामरीकरण के लिए प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के अधिकारियों को कई बार लिखित और मौखिक शिकायतें दी गईं। इसके बावजूद विभाग की ओर से अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है। उनका कहना है कि प्रशासन की लगातार अनदेखी से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
ग्रामीणों ने शासन और प्रशासन से मांग की है कि अटल चौक से नेहरू नगर चौक तक की सड़क का जल्द से जल्द निर्माण और डामरीकरण कराया जाए, ताकि क्षेत्र के लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके। उनका कहना है कि सड़क केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य और विकास की आधारशिला होती है। यदि समय रहते इस सड़क का निर्माण नहीं कराया गया तो आने वाले समय में लोगों का आक्रोश और बढ़ सकता है।