गुरुकुल पब्लिक स्कूल में छात्र संसद का गठन, नवनियुक्त छात्र प्रतिनिधियों ने ली शपथ

कवर्धा के गुरुकुल पब्लिक स्कूल में छात्र संसद के गठन एवं शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। शाला नायक-नायिका सहित आजाद, भगत, टैगोर और विनोबा सदनों के छात्र प्रतिनिधियों को बैज पहनाकर जिम्मेदारियां सौंपी गईं। हरेली पर्व के अवसर पर हरीतिमा एवं भारतीय जैन संघटना के सहयोग से वृक्षारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया।

Aug 12, 2026 - 17:26
 0  2
गुरुकुल पब्लिक स्कूल में छात्र संसद का गठन, नवनियुक्त छात्र प्रतिनिधियों ने ली शपथ

UNITED NEWS OF ASIA. सौरभ नामदेव, कवर्धा l नगर की प्रतिष्ठित संस्था गुरुकुल पब्लिक स्कूल में छात्र संसद का गठन एवं नवनियुक्त छात्र प्रतिनिधियों का शपथ ग्रहण समारोह उत्साह और गरिमापूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में शाला नायक-नायिका सहित आजाद, भगत, टैगोर और विनोबा सदनों के चयनित छात्र प्रतिनिधियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

कार्यक्रम में शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला धमकी के शिक्षक दिनेश ठाकुर, शाला संचालन समिति के अध्यक्ष संतोष बोथरा, समिति के पदाधिकारी, प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं पालकगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद अतिथियों का पुष्पगुच्छ और पौधा भेंट कर स्वागत किया गया।

छात्र प्रतिनिधियों ने ली शपथ

समारोह में चयनित छात्र प्रतिनिधियों को अतिथियों द्वारा बैज पहनाकर शपथ दिलाई गई और उन्हें विद्यालय की विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गईं। शाला नायक के रूप में अर्थ सिंह परिहार और शाला नायिका के रूप में अनन्या शर्मा का चयन किया गया।

आजाद सदन के नायक प्रतीक नेताम और नायिका बिंदिया चतुर्वेदी, भगत सदन के नायक अरिहंत जैन और नायिका परिधि वंदे, टैगोर सदन के नायक विपिन जायसवाल और नायिका निहारिका नंदिनी मरकाम तथा विनोबा सदन के नायक अभिनव गुप्ता और नायिका वैष्णवी मिश्रा को सदन प्रतिनिधि की जिम्मेदारी दी गई।

इस अवसर पर विद्यालय के संगीत विभाग की ओर से विभिन्न सांस्कृतिक एवं आकर्षक प्रस्तुतियां दी गईं। छात्र संसद के गठन और शपथ ग्रहण को लेकर विद्यालय परिवार में उत्साह का माहौल रहा।

अतिथियों ने दी शुभकामनाएं

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि दिनेश ठाकुर ने विद्यालय की उपलब्धियों की सराहना करते हुए नवनियुक्त छात्र प्रतिनिधियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विद्यार्थियों को उनके नए दायित्वों और जिम्मेदारियों के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया।

शाला संचालन समिति के अध्यक्ष संतोष बोथरा ने सभी चयनित छात्र प्रतिनिधियों को बधाई दी और विद्यालय प्रबंधन की ओर से उन्हें आवश्यक सहयोग देने का आश्वासन दिया। सभी अतिथियों को विद्यालय की ओर से स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में नवनियुक्त सांस्कृतिक सचिव तिशा पारख ने आभार व्यक्त किया।

हरेली पर हुआ वृक्षारोपण

इसी अवसर पर हरेली पर्व के उपलक्ष्य में हरीतिमा एवं भारतीय जैन संघटना के सहयोग से वृक्षारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। संस्था के पदाधिकारियों ने विद्यार्थियों को वृक्षों के महत्व, पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने की आवश्यकता के बारे में जानकारी दी।

विद्यालय परिसर में पौधरोपण कर विद्यार्थियों और शिक्षकों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, जिम्मेदारी की भावना और प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता विकसित करना रहा।