धमतरी के तिहरे हत्याकांड में एक साल के भीतर फैसला, पांच आरोपियों को आजीवन कारावास

धमतरी के अर्जुनी थाना क्षेत्र के ग्राम भोयना स्थित अन्नपूर्णा ढाबा के पास हुए तिहरे हत्याकांड में प्रथम अपर सत्र न्यायाधीश धमतरी ने 12 अगस्त 2026 को फैसला सुनाते हुए पांच वयस्क आरोपियों को आजीवन कारावास और अर्थदंड से दंडित किया। पुलिस की साक्ष्य आधारित विवेचना और प्रभावी अभियोजन के चलते घटना के एक वर्ष के भीतर दोषसिद्धि हुई। उत्कृष्ट विवेचना के लिए तत्कालीन थाना प्रभारी निरीक्षक चंद्रकांत साहू और उनकी टीम को पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय द्वारा पुरस्कृत किया जाएगा।

Aug 12, 2026 - 17:30
 0  3
धमतरी के तिहरे हत्याकांड में एक साल के भीतर फैसला, पांच आरोपियों को आजीवन कारावास

UNITED NEWS OF ASIA. रिजवान मेमन, धमतरी l ग्राम भोयना स्थित अन्नपूर्णा ढाबा के पास हुए बहुचर्चित तिहरे हत्याकांड में प्रथम अपर सत्र न्यायाधीश, धमतरी ने 12 अगस्त 2026 को महत्वपूर्ण फैसला सुनाते हुए पांच वयस्क आरोपियों को दोषसिद्ध कर आजीवन कारावास एवं अर्थदंड से दंडित किया। घटना 11 अगस्त 2025 की रात मामूली विवाद के बाद हुई थी, जिसमें तीन युवकों की मृत्यु हुई थी।

प्रकरण में पुलिस ने कुल आठ आरोपियों की पहचान की थी, जिनमें पांच वयस्क तथा तीन विधि से संघर्षरत बालक शामिल थे। दोषसिद्ध वयस्क आरोपियों में गोपी दीवान, कुलेश्वर नेताम, रणवीर कुमार साहू, कमलेश ध्रुव और गौतम दीवान शामिल हैं। तीन विधि से संघर्षरत बालकों के संबंध में किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष नियमानुसार कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही अर्जुनी पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी की। विवेचना के दौरान घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए गए, गवाहों के बयान दर्ज किए गए तथा घटना में प्रयुक्त हथियार बरामद किया गया। वैज्ञानिक एवं साक्ष्य आधारित विवेचना के साथ प्रकरण को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

मुख्य आरोपी गोपी दीवान को भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 सहपठित धारा 190 के तहत आजीवन कारावास और 1,000 रुपये अर्थदंड से दंडित किया गया। अन्य संबंधित धाराओं में भी पृथक-पृथक सजा सुनाई गई है। न्यायालय के आदेशानुसार सजाएं साथ-साथ चलेंगी।

पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय ने कहा कि गंभीर अपराधों में त्वरित कार्रवाई, मजबूत विवेचना और प्रभावी अभियोजन के माध्यम से दोषसिद्धि सुनिश्चित करना धमतरी पुलिस की प्राथमिकता है। इस मामले में एक वर्ष के भीतर फैसला आने से पीड़ित परिवारों को न्याय मिला है।

उत्कृष्ट विवेचना के लिए तत्कालीन थाना प्रभारी एवं विवेचना अधिकारी निरीक्षक चंद्रकांत साहू तथा उनकी टीम को पुरस्कृत किया जाएगा। धमतरी पुलिस ने गंभीर एवं जघन्य अपराधों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।