रायपुर एयरपोर्ट पर फर्जी आधार कार्ड से फ्लाइट पकड़ने की कोशिश, इंदौर का युवक गिरफ्तार

रायपुर एयरपोर्ट पर सुरक्षा जांच के दौरान फर्जी आधार कार्ड के साथ फ्लाइट में यात्रा करने की कोशिश कर रहे इंदौर निवासी युवक को गिरफ्तार किया गया। आरोपी ने दूसरे व्यक्ति के आधार कार्ड में अपना फोटो लगाकर कूटरचित दस्तावेज तैयार किया था।

Mar 15, 2026 - 11:36
 0  4

UNITED NEWS OF ASIA. हसीब अख्तर, रायपुर। रायपुर पुलिस (ग्रामीण) के अनुसार दिनांक 12 मार्च 2026 को रायपुर एयरपोर्ट में सुरक्षा जांच के दौरान एक व्यक्ति द्वारा स्नेहल राजू भाई पटेल के नाम से जारी एयर टिकट पर रायपुर से इंदौर जाने के लिए फ्लाइट में यात्रा करने का प्रयास किया जा रहा था।

नियमित सुरक्षा जांच के दौरान प्रस्तुत किए गए आधार कार्ड की सत्यता पर संदेह होने पर अधिकारियों ने गहन जांच की। जांच में पाया गया कि प्रस्तुत आधार कार्ड कूटरचित (फर्जी) है।

आगे की जांच में सामने आया कि आरोपी कुलदीप सिंघल ने स्नेहल राजू भाई पटेल के आधार कार्ड में अपना फोटो लगाकर फर्जी आधार कार्ड तैयार किया था। इसी फर्जी दस्तावेज का उपयोग करते हुए वह स्नेहल राजू भाई पटेल के नाम से जारी एयर टिकट पर रायपुर से इंदौर की यात्रा करने की कोशिश कर रहा था।

सुरक्षा जांच के दौरान ही एयरपोर्ट पर उसे पकड़ लिया गया। आरोपी की पहचान कुलदीप सिंघल निवासी 109 श्रद्धा श्री कॉलोनी, बरपानी धाम, थाना विजय नगर, जिला इंदौर (मध्यप्रदेश) के रूप में हुई। वर्तमान में वह कृष्णा एवेन्यू फेस-1, लिम्बोदी, खंडवा रोड, थाना तेजाजी नगर, जिला इंदौर (मध्यप्रदेश) में रह रहा था।

पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से न्यायालय ने उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है। मामले में पुलिस द्वारा विवेचना जारी है और यह भी जांच की जा रही है कि फर्जी दस्तावेज तैयार करने में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता तो नहीं है।