स्वच्छता एवं नशा मुक्त डुमरकोट के संकल्प के साथ राष्ट्रीय सेवा योजना विशेष शिविर का समापन

ग्राम डूमरकोट में आयोजित राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) का सात दिवसीय विशेष शिविर स्वच्छता और नशा मुक्त डुमरकोट के संकल्प के साथ संपन्न हुआ। शिविर में प्रभात फेरी, योग, बौद्धिक सत्र, सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ सामाजिक कुरीतियों पर जागरूकता फैलाई गई। पद्मश्री फूलबासन बाई यादव, गायक हिरेश सिन्हा और क्षेत्रीय विधायक सावित्री मनोज मंडावी की विशेष उपस्थिति रही।

Nov 27, 2025 - 16:17
 0  12
स्वच्छता एवं नशा मुक्त डुमरकोट के संकल्प के साथ राष्ट्रीय सेवा योजना विशेष शिविर का समापन

 UNITED NEWS OF ASIA. श्रीदाम ढाली, कांकेर | शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सेलेगाँव की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा ग्राम डूमरकोट में आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर का सफलतापूर्वक समापन हुआ। शिविर का संचालन राज्य एनएसएस अधिकारी डॉ. नीता वाजपेई, कार्यक्रम समन्वयक डॉ. संजीवन कुमार, जिला संगठक भागीरथी नायक तथा प्राचार्य मोहनलाल निषाद के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम अधिकारी के एल कटेंद्र शिविर संचालक रहे। इस वर्ष शिविर का मुख्य थीम स्वच्छता संकल्प एवं नशामुक्त भारत रहा।

शिविर के दौरान प्रतिदिन प्रभात फेरी, योगाभ्यास, परियोजना कार्य और बौद्धिक चर्चा सत्र आयोजित किए गए। इन सत्रों में नशामुक्ति, स्वच्छता, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और साइबर क्राइम जैसे विषयों पर विशेषज्ञों ने ग्रामीणों एवं स्वयंसेवकों को जागरूक किया। शाम के सांस्कृतिक कार्यक्रमों में मनोरंजन के साथ सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ संदेश दिए गए।

शिविर में पद्मश्री फूलबासन बाई यादव की विशेष उपस्थिति रही, जिन्होंने महिलाओं, स्वयंसेवकों और ग्रामीणों को सामाजिक विकास एवं आत्मनिर्भरता के लिए प्रेरित किया। इसी तरह बस्तर की संस्कृति को राष्ट्रीय मंच पर पहचान दिलाने वाले गायक हिरेश सिन्हा और श्रीमती जितेश्वरी सिन्हा ने भी अपनी प्रस्तुति से शिविर में उत्साह भर दिया।

समापन समारोह में क्षेत्रीय विधायक  सावित्री मनोज मंडावी शामिल हुईं। उन्होंने एनएसएस के उद्देश्यों की सराहना करते हुए कहा कि यह योजना युवाओं में अनुशासन, सेवा और नेतृत्व क्षमता का विकास करती है। उन्होंने डूमरकोट को स्वच्छ और नशामुक्त बनाने का सामूहिक संकल्प दिलाया तथा एनएसएस इकाई को 30,000 रुपये देने की घोषणा की।

शिविर की सफलता में गांव के सरपंच, उपसरपंच, युवा मंडल, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं समस्त ग्रामवासियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। यह शिविर ग्रामीण विकास और सामाजिक जागरूकता का प्रभावी माध्यम सिद्ध हुआ।