राष्ट्रीय बालिका दिवस पर कबीरधाम में खेल महोत्सव 2026 का आयोजन, रैली के माध्यम से दिया गया सशक्त संदेश
राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर कबीरधाम जिले में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा खेल महोत्सव 2026 का आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न खेल एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं तथा “बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ” अभियान के तहत जागरूकता रैली निकाली गई।
UNITED NEWS OF ASIA. कवर्धा। राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर कबीरधाम जिले में बालिकाओं के अधिकारों, सशक्तिकरण एवं सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा “खेल महोत्सव 2026” का भव्य आयोजन किया गया। यह आयोजन राजमाता विजयाराजे सिंधिया शासकीय कन्या महाविद्यालय, कबीरधाम के प्रांगण में संपन्न हुआ, जिसमें जिले के चारों विकासखंडों से बड़ी संख्या में बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
खेल महोत्सव के अंतर्गत बालिकाओं के शारीरिक, मानसिक एवं सांस्कृतिक विकास को ध्यान में रखते हुए विभिन्न खेल एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इनमें कबड्डी, चम्मच दौड़, बोरा दौड़, रंगोली प्रतियोगिता, कुर्सी दौड़, बैडमिंटन, भाला फेंक, रस्साकशी, निशानेबाजी, क्रिकेट प्रतियोगिता के साथ-साथ सांस्कृतिक नृत्य, समूह एवं एकल गीत गायन शामिल रहे। सभी प्रतियोगिताओं में बालिकाओं ने अनुशासन, आत्मविश्वास एवं खेल भावना का परिचय देते हुए बढ़-चढ़कर भाग लिया।
खेल एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली बालिकाओं को प्रोत्साहित करने हेतु प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली विजेता प्रतिभागियों को कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों द्वारा पुरस्कार प्रदान किए गए। पुरस्कार वितरण के माध्यम से बालिकाओं का मनोबल बढ़ाया गया तथा उन्हें भविष्य में खेल, शिक्षा एवं अन्य क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अतिथियों ने बालिकाओं को संबोधित करते हुए शिक्षा के महत्व, आत्मविश्वास, आत्मनिर्भरता एवं अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। वक्ताओं ने राष्ट्रीय बालिका दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि समाज के समग्र विकास के लिए बालिकाओं को समान अवसर एवं सम्मान देना अत्यंत आवश्यक है। उनके प्रेरणादायी उद्बोधन से बालिकाओं में नई ऊर्जा एवं उत्साह का संचार हुआ।
खेल आयोजनों के पश्चात “बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ” अभियान के अंतर्गत एक भव्य ध्वज रैली निकाली गई। यह रैली शासकीय राजमाता विजयाराजे सिंधिया कन्या महाविद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर आसपास के क्षेत्रों में निकाली गई। रैली के माध्यम से बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा एवं सम्मान का सशक्त संदेश आमजन तक पहुँचाया गया। रैली में बालिकाओं के साथ विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी भी शामिल हुए। इस दौरान बालिकाओं द्वारा लगाए गए जागरूकता नारों ने समाज में सकारात्मक संदेश प्रसारित किया।
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष रेखा पांडेय, जिला पंचायत सभापति चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, सुमित्रा विजय पटेल, विजय लक्ष्मी तिवारी, श्री बिहारी राम धुर्वे, मधु तिवारी, श्रीमती सुषमा चंद्रवंशी, पार्षद दीपक सिन्हा, महाविद्यालय एवं स्कूल की छात्राएं तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।