16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर कबीरधाम में जिला स्तरीय कार्यक्रम, नए मतदाताओं और उत्कृष्ट बीएलओ का हुआ सम्मान
16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर कबीरधाम जिले में जिला प्रशासन द्वारा जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नए मतदाताओं को बैच प्रदान किए गए तथा एसआईआर में उत्कृष्ट कार्य करने वाले बीएलओ को सम्मानित किया गया। साथ ही मतदाता जागरूकता को लेकर विभिन्न गतिविधियाँ संपन्न हुईं।
UNITED NEWS OF ASIA. कवर्धा। 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर कबीरधाम जिले में जिला प्रशासन द्वारा स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नागरिकों, विशेषकर युवाओं में मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ करना रहा। कार्यक्रम में अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी नरेन्द्र पैकरा मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान जिले के नए मतदाताओं को बैच प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SIR) कार्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) को प्रशस्ति पत्र एवं प्रोत्साहन राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ मतदाताओं को भी शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान दिया गया।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री नरेन्द्र पैकरा ने कार्यक्रम में उपस्थित नए मतदाताओं एवं महाविद्यालयीन विद्यार्थियों को निष्पक्ष, निर्भीक एवं जिम्मेदारीपूर्वक मतदान करने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि मतदान लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है और हर नागरिक का एक-एक वोट देश की दिशा एवं दशा तय करता है। मतदान केवल अधिकार ही नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी भी है।
उन्होंने विशेष रूप से युवा मतदाताओं से अपील की कि वे मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जुड़वाएं और प्रत्येक चुनाव में सक्रिय रूप से भाग लें, ताकि लोकतंत्र और अधिक मजबूत हो सके। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की खूबसूरती यही है कि मतदाता अपने मत के माध्यम से राष्ट्र के भविष्य को आकार देता है।
राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर कार्यक्रम में रंगोली, भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिता जैसी विविध गतिविधियाँ भी आयोजित की गईं। इन प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। इन आयोजनों के माध्यम से मतदाता जागरूकता का संदेश रचनात्मक रूप से प्रसारित किया गया।
उल्लेखनीय है कि भारत निर्वाचन आयोग की स्थापना 25 जनवरी 1950 को हुई थी। इसी ऐतिहासिक दिन की स्मृति में वर्ष 2011 से प्रतिवर्ष 25 जनवरी को राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाया जाता है, ताकि लोकतांत्रिक व्यवस्था में मतदाताओं की भूमिका को सशक्त बनाया जा सके।
कार्यक्रम में तहसीलदार परमेश्वर मंडावी, विकासखंड शिक्षा अधिकारी एम.के. गुप्ता, निर्वाचन सुपरवाइजर चंद्राकर, प्राचार्यगण, नए मतदाता, वरिष्ठ मतदाता एवं दिव्यांग मतदाता उपस्थित रहे।
इसी क्रम में राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर जिले में मतदाता जागरूकता को लेकर अन्य कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। “मेरा युवा भारत” कवर्धा के स्वयंसेवकों द्वारा जागरूकता पदयात्रा निकाली गई, जिसके माध्यम से नागरिकों को लोकतंत्र के महापर्व में सक्रिय भागीदारी का संदेश दिया गया।