जादू-टोना के शक में ग्रामीण की हत्या का खुलासा, कुकदूर पुलिस ने 3 आरोपियों को किया गिरफ्तार
कबीरधाम जिले के कुकदूर थाना क्षेत्र में जादू-टोना के संदेह को लेकर हुए विवाद के बाद ग्रामीण रामसिंह बैगा की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि 2 विधि-विरुद्ध संघर्षरत बालकों को अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लाठी, पत्थर और अन्य सामग्री जब्त की है।
UNITED NEWS OF ASIA. कवर्धा l कबीरधाम जिले के कुकदूर थाना क्षेत्र में जादू-टोना करने के संदेह को लेकर हुए विवाद के बाद ग्रामीण की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं प्रकरण में संलिप्त 2 विधि-विरुद्ध संघर्षरत बालकों को भी अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस के अनुसार घटना में इस्तेमाल की गई लकड़ी की लाठी, पत्थर और अन्य सामग्री को जब्त कर लिया गया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार 10 सितंबर 2026 को ग्राम कांदावानी निवासी सवनीबाई बैगा ने थाना कुकदूर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 9 सितंबर को उनके दामाद चैतराम बैगा के दशगात्र कार्यक्रम के दौरान उनके पति रामसिंह बैगा के साथ गांव के कुछ लोगों का जादू-टोना करने के संदेह को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि विवाद के बाद रामसिंह बैगा को नाला की ओर ले जाया गया, जहां उसके साथ लाठी, पत्थर और हाथ-मुक्के से मारपीट की गई। गंभीर चोटों के बाद उसकी मृत्यु हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही कुकदूर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए घटनास्थल का निरीक्षण किया और वहां से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। इसके साथ ही घटना से जुड़े लोगों की पतासाजी शुरू की गई। मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसमें मृत्यु की प्रकृति हत्यात्मक पाए जाने की जानकारी पुलिस ने दी। इसके बाद उपलब्ध साक्ष्यों और प्रारंभिक जांच के आधार पर थाना कुकदूर में अपराध क्रमांक 59/2026 दर्ज किया गया। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) और 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने लगातार संदिग्ध लोगों से पूछताछ और घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की। पुलिस के मुताबिक संकलित साक्ष्यों के आधार पर महर सिंह बैगा, धनसू बैगा और जोगी बैगा को हिरासत में लिया गया। पूछताछ और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस का कहना है कि रामसिंह बैगा को कथित तौर पर हत्या की नीयत से पकड़कर बरसाती नाला की ओर ले जाया गया था। वहां उसके साथ लाठी, पत्थर और हाथ-मुक्के से मारपीट किए जाने की बात सामने आई, जिसके बाद गंभीर चोटों के कारण उसकी मौत हुई।
पुलिस ने इस मामले में महर सिंह बैगा, पिता मोहन सिंह बैगा, उम्र 24 वर्ष, धनसू बैगा, पिता ज्ञान सिंह बैगा, उम्र 21 वर्ष और जोगी बैगा, पिता नन्दलाल बैगा, उम्र 21 वर्ष को गिरफ्तार किया है। तीनों ग्राम कांदावानी, थाना कुकदूर, जिला कबीरधाम के निवासी बताए गए हैं। इसके अलावा प्रकरण में संलिप्त 2 विधि-विरुद्ध संघर्षरत बालकों को भी अभिरक्षा में लिया गया है।
कबीरधाम पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार और अमित कुमार पटेल के मार्गदर्शन तथा पंडरिया एसडीओपी भूपत सिंह के दिशा-निर्देशन में कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी कुकदूर निरीक्षक संतोष मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच आगे बढ़ाई। कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक सिवेंद उपाध्याय, प्रधान आरक्षक हिरेंद्र प्रताप, प्रधान आरक्षक संजू झारिया, आरक्षक अजयकांत तिवारी, अजय यादव, सुनील नायक, जांगड़े और प्रकाश सिंद्राम की भूमिका रही।