कुकदुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: लूट के फरार आरोपी को तेलंगाना से गिरफ्तार, पहचान छिपाकर स्टोन क्रेशर में था छिपा

कबीरधाम जिले की कुकदुर पुलिस ने लूट के मामले में लंबे समय से फरार आरोपी छोटेलाल यादव को तेलंगाना के निजामाबाद से गिरफ्तार किया है। आरोपी पहचान छिपाकर एक स्टोन क्रेशर खदान में काम कर रहा था। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

Sep 12, 2026 - 13:17
 0  2
कुकदुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: लूट के फरार आरोपी को तेलंगाना से गिरफ्तार, पहचान छिपाकर स्टोन क्रेशर में था छिपा

UNITED NEWS OF ASIA. कवर्धा l कबीरधाम जिले की कुकदुर पुलिस ने लूट के एक मामले में लंबे समय से फरार आरोपी को तेलंगाना से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस के अनुसार आरोपी घटना के बाद लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था और गिरफ्तारी से बचने के लिए पहचान छिपाकर निजामाबाद जिले के एक स्टोन क्रेशर खदान में रह रहा था। मुखबिर से मिली सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम तेलंगाना पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में लिया। आरोपी को बाद में विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस के मुताबिक यह मामला 22 अप्रैल 2026 का है। शिकारी बैगा अपने साथ छोटू यादव और छोटेलाल यादव को मोटरसाइकिल से ग्राम कुण्डा-दामापुर की ओर छोड़ने जा रहा था। इसी दौरान ग्राम जामुनपानी-बंदौरा के बीच जंगल क्षेत्र में दोनों आरोपियों ने चक्कर आने और पेशाब करने का बहाना बनाकर मोटरसाइकिल रुकवाई। आरोप है कि इसके बाद मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन लूटने की नीयत से दोनों ने पीड़ित के साथ मारपीट की और उसे जान से मारने की धमकी दी।

आरोप के अनुसार पीड़ित पर शराब की बोतल से हमला किया गया, जिससे वह घायल हो गया। इसके बाद आरोपी उसकी मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन लेकर मौके से फरार हो गए। घटना की रिपोर्ट पर थाना कुकदुर में अपराध क्रमांक 21/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत विवेचना शुरू की गई। मामले में एक आरोपी छोटू यादव को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी थी। उसके कब्जे से लूट का पूरा सामान बरामद करने का दावा पुलिस ने किया है। वहीं दूसरा आरोपी छोटेलाल यादव घटना के बाद से फरार चल रहा था।

फरार आरोपी की तलाश के लिए थाना प्रभारी संतोष मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार संभावित ठिकानों पर जानकारी जुटा रही थी। पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने के साथ तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर भी आरोपी की लोकेशन का पता लगाने का प्रयास किया। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि छोटेलाल यादव तेलंगाना के निजामाबाद जिले में छिपा हुआ है।

सूचना मिलने के बाद कुकदुर पुलिस की टीम तेलंगाना रवाना हुई। वहां स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाने और लगातार पतासाजी के बाद आरोपी को कोरटपल्ली क्षेत्र, थाना डिचपल्ली, जिला निजामाबाद स्थित श्री वेंकट सांई स्टोन क्रेशर खदान में छिपा हुआ पाया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी अपनी पहचान छिपाकर वहां रह रहा था, ताकि वह कानून की पकड़ से बच सके।

पुलिस टीम ने आरोपी की मौजूदगी की पुष्टि करने के बाद घेराबंदी कर उसे हिरासत में लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी संतोष मिश्रा, उप निरीक्षक गोविंद चन्द्रवंशी, प्रधान आरक्षक मनोज तिवारी, आरक्षक संदीप पाण्डेय और महिला आरक्षक बिमला धुर्वे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।