कुकदूर पुलिस ने हत्या के फरार आरोपी को तेलंगाना से किया गिरफ्तार, चाचा पर डंडे से हमला करने का आरोप

कबीरधाम जिले के कुकदूर थाना क्षेत्र में चाचा पर डंडे से हमला करने के मामले में फरार आरोपी को पुलिस ने तेलंगाना के सांगारेड्डी जिले से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार घायल चाचा की उपचार के दौरान करीब 15 दिन बाद मृत्यु हो गई थी, जिसके बाद प्रकरण में हत्या की धारा जोड़ी गई। आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए ठिकाना बदलकर तेलंगाना में रह रहा था।

Sep 12, 2026 - 13:15
 0  2
कुकदूर पुलिस ने हत्या के फरार आरोपी को तेलंगाना से किया गिरफ्तार, चाचा पर डंडे से हमला करने का आरोप

UNITED NEWS OF ASIA. कवर्धा l कबीरधाम जिले के कुकदूर थाना पुलिस ने हत्या के एक मामले में फरार चल रहे आरोपी को तेलंगाना राज्य से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने मामूली विवाद के दौरान अपने चाचा पर लकड़ी के डंडे से हमला किया था, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आई थीं। करीब 15 दिनों तक उपचार चलने के बाद घायल की मृत्यु हो गई। इसके बाद पुलिस ने मामले में हत्या की धारा जोड़ी और आरोपी की तलाश तेज कर दी। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी अपना ठिकाना बदलकर तेलंगाना के सांगारेड्डी जिले में छिपा हुआ था।

पुलिस के मुताबिक यह मामला 2 दिसंबर 2024 का है। ग्राम बैगापारा पोलमी निवासी फूलसिंह बैगा का अपने चाचा सुकलाल बैगा, उम्र 55 वर्ष, के साथ किसी सामान्य बात को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि विवाद के दौरान फूलसिंह बैगा ने गाली-गलौज और धमकी देने के बाद लकड़ी के डंडे से सुकलाल बैगा पर हमला कर दिया। हमले में उन्हें गंभीर चोटें आईं। घटना के संबंध में 3 दिसंबर 2024 को थाना कुकदूर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई और आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 351(2) और 115(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।

विवेचना के दौरान प्राप्त मेडिकल रिपोर्ट में घायल को गंभीर चोट लगने की पुष्टि होने पर पुलिस ने प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता की धारा 117(2) भी जोड़ी। इस बीच 17 दिसंबर 2024 की रात उपचार के दौरान सुकलाल बैगा की मृत्यु हो गई। उनकी मृत्यु के बाद 18 दिसंबर को थाना कुकदूर में मर्ग इंटीमेशन कायम किया गया और जांच पंचनामा सहित आवश्यक कार्रवाई की गई।

मर्ग जांच और प्रकरण की विवेचना के दौरान पुलिस को यह तथ्य सामने आने की जानकारी दी गई कि सामान्य विवाद के बाद फूलसिंह बैगा ने सुकलाल बैगा के सिर पर लकड़ी के डंडे से हमला किया था। पुलिस के अनुसार गंभीर चोटों के कारण उनकी मृत्यु हुई। इसके बाद मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत हत्या की धारा जोड़ी गई। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था और पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी।

आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कबीरधाम पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित पटेल और पंडरिया एसडीओपी भूपत सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कुकदूर निरीक्षक संतोष मिश्रा के नेतृत्व में टीम गठित कर पतासाजी की जा रही थी। पुलिस ने सूचना तंत्र को सक्रिय करने के साथ तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपी के संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई।

इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि फरार आरोपी फूलसिंह बैगा तेलंगाना के सांगारेड्डी जिले के बोंथापल्ली क्षेत्र में छिपा हुआ है। सूचना की पुष्टि के बाद कुकदूर पुलिस टीम तेलंगाना रवाना हुई। स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाने और लगातार पतासाजी के बाद पुलिस ने आरोपी को थाना गुम्माडीडाला क्षेत्र से तलाश कर हिरासत में लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे गिरफ्तार किया गया और न्यायिक रिमांड के लिए जेएमएफसी न्यायालय पंडरिया में पेश किया गया।

पुलिस के अनुसार फरार आरोपी की गिरफ्तारी की इस कार्रवाई में निरीक्षक संतोष मिश्रा, उप निरीक्षक गोविंद चन्द्रवंशी, प्रधान आरक्षक मनोज तिवारी, आरक्षक संदीप पाण्डेय, साइबर थाना टीम और महिला आरक्षक बिमला धुर्वे का महत्वपूर्ण योगदान रहा। पुलिस ने बताया कि आरोपी की तलाश में सूचना तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों का उपयोग किया गया, जिसके आधार पर उसे दूसरे राज्य से गिरफ्तार किया जा सका।