कृषि में नवाचार और आधुनिक तकनीक से किसानों की आय बढ़ाने पर जोर, रामविचार नेताम ने किया कुरूद कृषि महाविद्यालय का निरीक्षण
कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने धमतरी जिले के कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केन्द्र, कुरूद सहित कृषि, पशुपालन, मत्स्य पालन और जैव प्रौद्योगिकी से जुड़ी विभिन्न परियोजनाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने कृषि में आधुनिक तकनीक, अनुसंधान और नवाचार को बढ़ावा देकर किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में प्रभावी कार्य करने के निर्देश दिए।
UNITED NEWS OF ASIA. रिजवान मेमन, धमतरी l कृषि विकास एवं किसान कल्याण, आदिम जाति विकास, जैव प्रौद्योगिकी, मछलीपालन तथा पशुधन विकास मंत्री रामविचार नेताम ने धमतरी जिले के प्रवास के दौरान कृषि, अनुसंधान और किसानों से जुड़ी विभिन्न परियोजनाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केन्द्र, कुरूद का दौरा कर वहां संचालित शैक्षणिक एवं अनुसंधान गतिविधियों की समीक्षा की। साथ ही जिले के विभिन्न गांवों में कृषि, पशुपालन, मत्स्य पालन और नवाचार आधारित परियोजनाओं का जायजा लेकर अधिकारियों को किसानों के हित में योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए।