एबीवीपी कवर्धा की नई नगर कार्यकारिणी घोषित, गजेंद्र सिंह राजपूत बने नगर मंत्री

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) कवर्धा नगर इकाई का एक दिवसीय कार्यकर्ता प्रशिक्षण शिविर विवेकानंद वाचनालय में आयोजित हुआ। शिविर के समापन अवसर पर नई नगर कार्यकारिणी की घोषणा की गई, जिसमें गजेंद्र सिंह राजपूत को नगर मंत्री का दायित्व सौंपा गया।

Jul 2, 2026 - 11:06
 0  1
एबीवीपी कवर्धा की नई नगर कार्यकारिणी घोषित, गजेंद्र सिंह राजपूत बने नगर मंत्री

UNITED NEWS OF ASIA. सौरभ नामदेव, कवर्धा l अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) कवर्धा नगर इकाई का एक दिवसीय कार्यकर्ता प्रशिक्षण शिविर नगर के विवेकानंद वाचनालय में आयोजित किया गया। प्रशिक्षण शिविर में संगठन की कार्यपद्धति, विचारधारा, व्यक्तित्व विकास, कार्यकर्ता व्यवहार और संगठनात्मक दायित्वों जैसे विषयों पर विभिन्न सत्रों के माध्यम से कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया गया। कार्यक्रम के समापन अवसर पर एबीवीपी कवर्धा की नई नगर कार्यकारिणी की घोषणा भी की गई, जिसमें गजेंद्र सिंह राजपूत को नगर मंत्री का दायित्व सौंपा गया।

प्रशिक्षण शिविर में विश्व हिंदू परिषद के जिला मंत्री मनोज ठाकुर, एबीवीपी के प्रदेश सहमंत्री एवं विभाग संयोजक अमन बृज नामदेव, जिला संयोजक मानस मिश्रा, प्रांत कार्यसमिति सदस्य गजाधर वर्मा तथा नगर सहमंत्री गजेंद्र सिंह सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।

उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए अमन बृज नामदेव ने कहा कि कार्यकर्ता प्रशिक्षण शिविर केवल ज्ञान प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि संगठनात्मक संस्कार, वैचारिक स्पष्टता, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रभाव को मजबूत करने का सशक्त मंच है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी परिषद का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ समाज जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का संकल्प लेकर कार्य करता है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से अनुशासन, सक्रिय सहभागिता और सीखने की भावना के साथ प्रशिक्षण प्राप्त करने का आह्वान किया।

दूसरे सत्र में जिला संयोजक मानस मिश्रा ने "अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का इतिहास" विषय पर मार्गदर्शन देते हुए संगठन की स्थापना, उसके वैचारिक आधार, छात्रहित और राष्ट्रहित के लिए किए गए आंदोलनों तथा परिषद की गौरवशाली यात्रा की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि परिषद का इतिहास संघर्ष, सेवा, त्याग और राष्ट्र निर्माण के लिए समर्पित कार्यकर्ताओं की प्रेरणादायक यात्रा है।

तीसरे सत्र में प्रांत कार्यसमिति सदस्य गजाधर वर्मा ने "कैंपस कार्य एवं कार्यकर्ता व्यवहार" विषय पर विचार रखते हुए कहा कि एबीवीपी का कार्यकर्ता अपने अनुशासन, सेवा भावना और सकारात्मक व्यवहार से संगठन की पहचान स्थापित करता है। उन्होंने महाविद्यालयों में विद्यार्थियों से सतत संवाद, उनकी समस्याओं के समाधान और संगठनात्मक मर्यादाओं के पालन पर विशेष जोर दिया।

समापन सत्र में गजेंद्र सिंह ने मंत्री प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए बीते कार्यकाल में संचालित कार्यक्रमों और संगठनात्मक गतिविधियों की जानकारी दी। इसके बाद निर्वाचन अधिकारी सचिन गुप्ता ने नई नगर कार्यकारिणी की घोषणा की। गजेंद्र सिंह राजपूत को नगर मंत्री, प्रिंस नाथ योगी, अनिल यादव और बलराम साहू को नगर सहमंत्री, अक्षय गुप्ता को महाविद्यालय प्रमुख, प्रशंस वर्मा को सह प्रमुख, अनुराग साहू को नगर कार्यालय मंत्री, अमित झारिया को सोशल मीडिया प्रमुख, आनंद चंद्रवंशी को नगर विद्यालय प्रमुख, किशन कौशिक को छात्रावास प्रमुख, दानेश्वर को एसएफडी प्रमुख तथा दक्ष नाथ योगी को एसएफएस प्रमुख सहित अन्य कार्यकर्ताओं को विभिन्न दायित्व सौंपे गए।

नवनियुक्त नगर मंत्री गजेंद्र सिंह राजपूत ने संगठन के प्रति पूर्ण निष्ठा, समर्पण और सक्रियता के साथ कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पूरी टीम छात्रहित, संगठन विस्तार और राष्ट्र निर्माण के उद्देश्यों को लेकर कार्य करेगी तथा परिषद की विचारधारा को अधिक से अधिक विद्यार्थियों तक पहुंचाने का प्रयास करेगी। कार्यक्रम का समापन "भारत माता की जय" और "वंदे मातरम्" के उद्घोष के साथ हुआ।