धमतरी को मिला दूसरा बॉक्स क्रिकेट मैदान, खेल प्रतिभाओं को मिली नई उड़ान
धमतरी के जालमपुर वार्ड में दूसरे बॉक्स क्रिकेट मैदान का उद्घाटन वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने किया। उद्घाटन के दौरान उन्होंने खिलाड़ियों के साथ बल्लेबाजी कर युवाओं का उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम में सांसद रूपकुमारी चौधरी, जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा, महापौर रामू रोहरा सहित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे। मंत्री ने कहा कि खेल और संस्कृति किसी भी शहर की प्रगति के महत्वपूर्ण आधार हैं तथा सरकार खेल अधोसंरचना के विस्तार पर लगातार काम कर रही है।
UNITED NEWS OF ASIA. रिजवान मेमन, धमतरी l धमतरी शहर में खेल सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। जालमपुर वार्ड में निर्मित दूसरे बॉक्स क्रिकेट मैदान का शुभारंभ छत्तीसगढ़ के वित्त, वाणिज्यिक कर, आवास एवं पर्यावरण तथा योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी मंत्री ओपी चौधरी ने फीता काटकर किया। इससे पहले धमतरी का पहला बॉक्स क्रिकेट मैदान एकलव्य खेल परिसर में बनाया गया था। नए मैदान के शुरू होने से स्थानीय खिलाड़ियों और युवाओं को आधुनिक खेल सुविधाओं का लाभ मिलेगा।