कवर्धा में टीबी मुक्त भारत अभियान को गति, कलेक्टर ने जागरूकता रथों को दिखाई हरी झंडी

विश्व क्षय दिवस पर कवर्धा में कलेक्टर गोपाल वर्मा ने टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता रथों को रवाना किया। जिलेभर में स्वास्थ्य शिविर, स्क्रीनिंग और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

Mar 25, 2026 - 18:29
 0  4
कवर्धा में टीबी मुक्त भारत अभियान को गति, कलेक्टर ने जागरूकता रथों को दिखाई हरी झंडी

UNITED NEWS OF ASIA. कवर्धा | विश्व क्षय दिवस के अवसर पर गोपाल वर्मा ने प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत जागरूकता रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान जिला कार्यालय में शपथ ग्रहण कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. डी.के. तुरे के निर्देशानुसार जिलेभर में व्यापक स्तर पर स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया गया। जिला नोडल अधिकारी एनटीईपी डॉ. केशव ध्रुव और जिला कार्यक्रम प्रबंधक अनुपमा तिवारी के निर्देशन में वार्ड क्रमांक 27 में विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित हुआ, जिसमें 69 लोगों की स्क्रीनिंग की गई।

शिविर में राज्य से प्राप्त एआई आधारित हैंडहेल्ड एक्स-रे मशीन के माध्यम से जांच की गई, जिसमें 32 लोग संदिग्ध पाए गए। इन सभी को आगे की जांच के लिए सैंपल कंटेनर उपलब्ध कराए गए। कार्यक्रम की शुरुआत वार्ड पार्षद संजीव कुर्रे की उपस्थिति में की गई।

अभियान के तहत उच्च जोखिम वाले समूहों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसमें 60 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्ति, मधुमेह के मरीज, धूम्रपान एवं मद्यपान करने वाले, टीबी मरीजों के संपर्क में आए लोग और पूर्व में टीबी से ग्रसित मरीज शामिल हैं।

जिले के कुल 236 ग्रामों में यह अभियान चलाया जाएगा, जिसमें लगभग 1 लाख 65 हजार 200 लोगों को कवर किया जाएगा। इसमें कवर्धा, बोडला, सहसपुर लोहारा और पंडरिया विकासखंड शामिल हैं।

सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पिपरिया सहित जिले के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में भी शपथ ग्रहण कार्यक्रम, मितानिन प्रशिक्षकों की बैठक और जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। विकासखंड बोडला, पंडरिया और सहसपुर लोहारा में स्कूल कार्यक्रम, रक्तदान शिविर, ओपीडी जांच और जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को टीबी उन्मूलन के प्रति जागरूक किया गया।

स्वास्थ्य विभाग, मितानिनों और सहयोगी संस्थाओं के संयुक्त प्रयास से जिले में टीबी मुक्त भारत अभियान को प्रभावी रूप से आगे बढ़ाया जा रहा है।