प्रोजेक्ट पुनर्जीवन के तहत रायपुर में 1731 ट्री गार्ड और 375 कांक्रीट घेरे-पेवर हटाए गए

रायपुर नगर पालिक निगम क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रोजेक्ट पुनर्जीवन के अंतर्गत विभिन्न स्थानों पर पौधों के चारों ओर लगाए गए लगभग 1731 ट्री गार्ड और 375 कांक्रीट घेरे-पेवर हटाए गए। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश और जिला कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह के मार्गदर्शन में नगर निगम के सभी 10 जोनों में यह अभियान चलाया गया। इसका उद्देश्य पौधों को प्राकृतिक रूप से विकसित होने, मिट्टी और पानी प्राप्त करने तथा बेहतर पर्यावरणीय वातावरण उपलब्ध कराना है।

Aug 12, 2026 - 12:13
 0  2
प्रोजेक्ट पुनर्जीवन के तहत रायपुर में 1731 ट्री गार्ड और 375 कांक्रीट घेरे-पेवर हटाए गए

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर रायपुर जिला प्रशासन द्वारा संचालित पर्यावरण हितैषी प्रोजेक्ट पुनर्जीवन के अंतर्गत शहर में पौधों को प्राकृतिक रूप से विकसित होने के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। जिला कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह के मार्गदर्शन में रायपुर नगर पालिक निगम क्षेत्र के सभी 10 जोनों में अभियान चलाकर ऐसे पौधों को चिन्हित किया गया, जो ट्री गार्ड, कांक्रीट के घेरे और पेवर से घिरे होने के कारण प्राकृतिक रूप से विकसित नहीं हो पा रहे थे।

नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के मार्गदर्शन में सभी जोन कमिश्नरों द्वारा अपने-अपने जोन क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में ऐसे स्थानों का नियमित निरीक्षण किया गया। चिन्हित पौधों के आसपास लगाए गए ट्री गार्ड तथा कांक्रीट के घेरे और पेवर को हटाने की कार्रवाई प्राथमिकता के साथ कराई गई। अब तक रायपुर नगर पालिक निगम क्षेत्र में लगभग 1731 ट्री गार्ड और करीब 375 स्थानों पर लगाए गए कांक्रीट के घेरे एवं पेवर हटाए जा चुके हैं।

इस पहल का उद्देश्य पौधों को मिट्टी, पानी और हवा जैसी प्राकृतिक आवश्यकताएं आसानी से उपलब्ध कराना तथा उनके स्वतः विकास के लिए पर्यावरण हितैषी वातावरण तैयार करना है। पौधों के आसपास से अनावश्यक कांक्रीट और पेवर हटने से उनकी जड़ों को प्राकृतिक रूप से फैलने के लिए पर्याप्त स्थान मिलेगा। इससे पौधों के बेहतर विकास के साथ शहर में हरित क्षेत्र को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

रायपुर नगर पालिक निगम आयुक्त संबित मिश्रा ने सभी 10 जोन कमिश्नरों को निर्देशित किया है कि अपने-अपने जोन क्षेत्रों में ऐसे सभी पौधों को चिन्हित कर आवश्यकतानुसार ट्री गार्ड और कांक्रीट घेरे-पेवर हटाने की कार्रवाई लगातार जारी रखें। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण से जुड़े इस कार्य को प्राथमिकता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए हैं।

जिला कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह ने रायपुर शहर के नागरिकों से अपील की है कि वे अपने आसपास लगे ऐसे पौधों की देखभाल में सक्रिय सहभागिता निभाएं। उन्होंने नागरिकों से पौधों को आवश्यकतानुसार पानी और खाद उपलब्ध कराने तथा उनके संरक्षण में सहयोग करने का आग्रह किया है। जिला प्रशासन की ओर से पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय योगदान देने वाले नागरिकों को पर्यावरण मित्र के रूप में सम्मानित करने की भी पहल की जाएगी।

प्रोजेक्ट पुनर्जीवन के माध्यम से प्रशासन का प्रयास केवल पौधों को संरक्षित करना ही नहीं, बल्कि नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ना भी है। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पौधों के लिए प्राकृतिक स्थान उपलब्ध कराने से हरियाली को बढ़ावा मिलेगा और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनभागीदारी मजबूत होगी।

रायपुर नगर पालिक निगम के सभी 10 जोन कमिश्नरों द्वारा कराए जा रहे कार्यों की आयुक्त संबित मिश्रा द्वारा नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है। जिला कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह के निर्देश पर कार्य की प्रगति की लगातार समीक्षा भी की जा रही है, ताकि प्रोजेक्ट पुनर्जीवन के तहत पर्यावरण संरक्षण के निर्धारित लक्ष्यों को प्रभावी ढंग से पूरा किया जा सके।