रायपुर उत्तर में विकास की सौगात: त्रिमूर्ति नगर में दो नए आंगनबाड़ी भवनों का लोकार्पण, वार्ड 13 में सामुदायिक भवन का भूमिपूजन
रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा और महापौर मीनल चौबे ने वार्ड 6 के त्रिमूर्ति नगर में दो नए आंगनबाड़ी भवनों का लोकार्पण किया। वहीं वार्ड 13 में नए सामुदायिक भवन निर्माण का भूमिपूजन कर क्षेत्रवासियों को विकास कार्यों की सौगात दी।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l रायपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देते हुए विधायक पुरंदर मिश्रा और महापौर मीनल चौबे ने मंगलवार को वार्ड क्रमांक 6 स्थित त्रिमूर्ति नगर में दो नए आंगनबाड़ी भवनों का लोकार्पण किया। इसके साथ ही वार्ड क्रमांक 13 में नए सामुदायिक भवन निर्माण कार्य का भूमिपूजन कर क्षेत्रवासियों को महत्वपूर्ण विकास कार्यों की सौगात दी।
कार्यक्रम में सभापति सूर्यकांत राठौड़, एमआईसी सदस्य महेन्द्र खोडियार, पार्षद खगपति सोनी, एल्डरमैन गोपाल सोना, नगर निगम के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, महिलाएं और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
वार्ड क्रमांक 6 के त्रिमूर्ति नगर में रायपुर जिला खनिज न्यास मद से स्वीकृत लगभग 11.69 लाख रुपये की लागत से निर्मित दो नए आंगनबाड़ी भवनों का लोकार्पण किया गया। दोनों भवनों के शुरू होने से क्षेत्र के बच्चों, गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। आंगनबाड़ी केंद्रों में पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक शिक्षा से जुड़ी सेवाएं अधिक व्यवस्थित ढंग से उपलब्ध कराई जाएंगी।
इसके बाद जनप्रतिनिधियों ने नगर निगम जोन क्रमांक 2 के अंतर्गत राजीव गांधी वार्ड क्रमांक 13 में 6 लाख रुपये की लागत से बनने वाले नए सामुदायिक भवन का भूमिपूजन किया। भूमिपूजन के दौरान पारंपरिक विधि-विधान से श्रीफल फोड़कर और कुदाल चलाकर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। सामुदायिक भवन बनने के बाद क्षेत्र के नागरिकों को सामाजिक, सांस्कृतिक और सामुदायिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।
इस अवसर पर पुरंदर मिश्रा ने कहा कि क्षेत्र के विकास और नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी भवन बच्चों के सर्वांगीण विकास की मजबूत आधारशिला हैं, जबकि सामुदायिक भवन सामाजिक गतिविधियों और जनसुविधाओं को बढ़ावा देंगे। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराया जाएगा।
महापौर मीनल चौबे ने कहा कि नगर निगम शहर के सभी वार्डों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य कर रहा है। शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास और सामुदायिक सुविधाओं को मजबूत करने के लिए योजनाबद्ध तरीके से निर्माण कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने नागरिकों से इन सार्वजनिक परिसंपत्तियों के संरक्षण में भी सहयोग करने की अपील की।
पार्षद खगपति सोनी ने त्रिमूर्ति नगर में दो नए आंगनबाड़ी भवनों की सौगात मिलने पर विधायक पुरंदर मिश्रा, महापौर मीनल चौबे और नगर निगम के प्रति क्षेत्रवासियों की ओर से आभार व्यक्त किया। वहीं महेन्द्र खोडियार ने वार्ड 13 में सामुदायिक भवन निर्माण शुरू होने को स्थानीय लोगों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए इसके लिए जनप्रतिनिधियों का धन्यवाद किया।
कार्यक्रम के दौरान विधायक पुरंदर मिश्रा और महापौर मीनल चौबे ने नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वार्ड 13 में सामुदायिक भवन का निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कर निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराया जाए। उन्होंने जोन आयुक्त संतोष पाण्डेय और कार्यपालन अभियंता पीडी घृतलहरे को निर्माण कार्य की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए, ताकि नागरिकों को जल्द से जल्द बेहतर सुविधाओं का लाभ मिल सके।