धमतरी में मामूली विवाद में युवक की हत्या, नगरी पुलिस ने चंद घंटों में आरोपी को किया गिरफ्तार

धमतरी जिले के नगरी थाना क्षेत्र में शराब के नशे में मामूली विवाद के चलते एक युवक ने दूसरे की धारदार औजार से हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी मौके से भाग गया था, लेकिन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चंद घंटों में उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

Nov 3, 2025 - 12:50
 0  56
धमतरी में मामूली विवाद में युवक की हत्या, नगरी पुलिस ने चंद घंटों में आरोपी को किया गिरफ्तार

UNITED NEWS OF ASIA. रिजवान मेमन, धमतरी। धमतरी जिले के नगरी थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। रविवार, 2 नवंबर 2025 को ग्राम छिपली में शराब के नशे में हुए मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। आरोपी कुलेश्वर विश्वकर्मा (उम्र 25 वर्ष) ने गुस्से में आकर गांव के ही युवक सुयश उर्फ सन्नी लहरे (उम्र 33 वर्ष) की धारदार औजार (बिजली वायर काटने वाला कटर) से बेरहमी से हत्या कर दी।

 

पुलिस के अनुसार, घटना दोपहर के समय शहीद चौक दादू अंडा ठेला के पास स्थित बरामदे में हुई। वहां शराब पीने के दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर बहस हो गई। आरोपी कुलेश्वर ने अचानक गुस्से में आकर मृतक सुयश के सीने और गले के बाएं हिस्से पर वार किया। गंभीर रूप से घायल सुयश को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मृतक के रिश्तेदार खिलेंद्रकांत लहरे ने थाना नगरी में दी। सूचना मिलते ही नगरी पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घटना स्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने सबूत जुटाने के साथ ही आसपास के क्षेत्रों में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया।

आरोपी वारदात के बाद भागकर जंगल की ओर छिपने का प्रयास कर रहा था, लेकिन नगरी और सिहावा थानों की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी से वारदात में प्रयुक्त धारदार औजार भी बरामद कर लिया है।

थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी से पूछताछ जारी है और उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा जाएगा।

धमतरी पुलिस अधीक्षक ने नगरी पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है।

यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि शराब के नशे में मामूली विवाद भी जानलेवा बन सकता है, जिससे समाज में जागरूकता की आवश्यकता है।