कबीरधाम पुलिस का कड़ा संदेश, वर्दी में शराब सेवन और सार्वजनिक अभद्रता करने वाला आरक्षक सेवा से बर्खास्त
कबीरधाम पुलिस ने अनुशासनहीनता और वर्दी की गरिमा भंग करने पर सख्त कार्रवाई करते हुए आरक्षक क्रमांक 126 अभिषेक लकड़ा को सेवा से बर्खास्त कर दिया है। वर्दी में शराब पीकर सार्वजनिक स्थान पर अभद्र व्यवहार करने का मामला विभागीय जांच में प्रमाणित पाया गया।
UNITED NEWS OF ASIA. कवर्धा। कबीरधाम | पुलिस ने अनुशासनहीनता और नशाखोरी के मामलों पर सख्त रुख अपनाते हुए एक बार फिर कड़ा संदेश दिया है। पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह (भा.पु.से.) के स्पष्ट निर्देशों के तहत वर्दी धारण कर सार्वजनिक स्थान पर शराब सेवन करने तथा आम नागरिकों से अभद्र व्यवहार करने वाले अपचारी आरक्षक क्रमांक 126 अभिषेक लकड़ा, रक्षित केन्द्र कबीरधाम को सेवा से पदच्युत कर दिया गया है।
पुलिस विभाग द्वारा बताया गया कि आरोपी आरक्षक के विरुद्ध विभागीय जांच पूर्ण रूप से निष्पक्ष, नियमसम्मत एवं पारदर्शी तरीके से की गई। जांच के दौरान आरोपी को अपना पक्ष रखने का पूरा अवसर दिया गया, किंतु सभी साक्ष्य उसके विरुद्ध पाए गए।
विभागीय जांच में यह प्रमाणित हुआ कि दिनांक 30 अप्रैल 2025 को आरक्षक अभिषेक लकड़ा वर्दी में रहते हुए शराब का सेवन कर सरस्वती शो-रूम, कवर्धा पहुंचा था, जहां उसने वहां मौजूद कर्मचारियों, आम नागरिकों एवं राहगीरों के साथ अशिष्ट एवं अमर्यादित व्यवहार किया। शो-रूम संचालक द्वारा सूचना दिए जाने पर थाना प्रभारी कवर्धा द्वारा तत्काल मौके पर तस्दीक कराई गई, जिसमें आरक्षक अत्यधिक नशे की हालत में सार्वजनिक स्थान पर हंगामा करता पाया गया।
समझाइश दिए जाने के बावजूद उसके व्यवहार में कोई सुधार नहीं हुआ। इसके बाद उसे थाना कवर्धा लाया गया तथा जिला अस्पताल कवर्धा में चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया, जिसमें डॉक्टर द्वारा अत्यधिक शराब सेवन की पुष्टि की गई।
जांच में यह भी सामने आया कि आरक्षक अभिषेक लकड़ा अपने अल्प सेवाकाल में ही बार-बार शराब सेवन, अनाधिकृत अनुपस्थिति और अनुशासनहीन आचरण का दोषी रहा है। पूर्व में उसे सात बार निंदा की सजा तथा दो बार आगामी देय एक वेतनवृद्धि असंचयी प्रभाव से रोके जाने का दंड दिया जा चुका था, लेकिन उसके आचरण में कोई सुधार नहीं हुआ।
जांचकर्ता अधिकारी द्वारा प्रस्तुत साक्ष्य, गवाहों के बयान और दस्तावेजों के परीक्षण के बाद आरोपों को पूर्ण रूप से प्रमाणित मानते हुए पुलिस अधीक्षक कबीरधाम द्वारा उसे सेवा से बर्खास्त करने की कठोरतम कार्रवाई की गई।
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व भी कबीरधाम पुलिस द्वारा ड्यूटी के दौरान शराब सेवन और गंभीर अनुशासनहीनता के मामलों में तीन आरक्षकों – आरक्षक 52 अनिल मिरज, आरक्षक 517 आदित्य तिवारी तथा आरक्षक चालक 272 राजेश उपाध्याय को सेवा से पदच्युत किया जा चुका है।
कबीरधाम पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी ड्यूटी के दौरान शराब सेवन, अनुशासनहीनता और वर्दी की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाले किसी भी पुलिसकर्मी के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति के तहत सीधे बर्खास्तगी की कार्रवाई की जाएगी।