कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब जी ने नए विधानसभा भवन एवं राज्योत्सव स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का लिया जायजा
छत्तीसगढ़ के तकनीकी शिक्षा एवं कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब जी ने नवा रायपुर स्थित नए विधानसभा भवन और राज्योत्सव स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को भव्य आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए और कहा कि राज्योत्सव छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान और गौरव का प्रतीक है।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, नवा रायपुर। छत्तीसगढ़ के तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार, अनुसूचित जाति विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब जी ने आज नवा रायपुर स्थित नए विधानसभा भवन और आगामी राज्योत्सव मेला स्थल का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से तैयारियों की जानकारी ली और राज्योत्सव को भव्य, सुव्यवस्थित और राज्य की गरिमा के अनुरूप आयोजित करने के निर्देश दिए।
कैबिनेट मंत्री जी ने कहा कि राज्योत्सव केवल एक सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की अस्मिता, परंपरा और गौरव का उत्सव है। उन्होंने कहा कि इस बार का राज्योत्सव विशेष महत्व रखता है क्योंकि राज्य अपने रजत जयंती वर्ष का उत्सव मना रहा है। इसलिए आयोजन में हर विभाग की सक्रिय भागीदारी और समन्वय आवश्यक है।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने विधानसभा परिसर, प्रदर्शनी स्थल, सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग एरिया, जनसुविधा केंद्रों, मंच और विभागीय स्टॉलों की तैयारियों का बारीकी से अवलोकन किया। मंत्री जी ने निर्देश दिए कि आम नागरिकों, दिव्यांगजनों और विद्यार्थियों के लिए सुगम मार्ग और आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि अधिक से अधिक नागरिक राज्योत्सव का आनंद ले सकें।
उन्होंने आगे कहा कि यह आयोजन राज्य के कारीगरों, युवाओं और उद्यमियों के लिए अवसर का महोत्सव है। यहां प्रदर्शित होने वाले स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्पों और नवाचारों से प्रदेश की नई दिशा दिखाई देगी। तकनीकी शिक्षा और कौशल विकास विभाग की विशेष भागीदारी इस आयोजन में युवाओं को प्रोत्साहित करेगी तथा उन्हें रोजगारोन्मुख दिशा में प्रेरित करेगी।
गुरु खुशवंत साहेब जी ने अधिकारियों से कहा कि सभी निर्माण और सजावट कार्य समय सीमा में और उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि राज्योत्सव स्थल पर स्वच्छता, पेयजल, सुरक्षा और यातायात प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जाए।
निरीक्षण के दौरान तकनीकी शिक्षा विभाग और राज्योत्सव आयोजन समिति के वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे। मंत्री जी ने अंत में कहा कि इस बार का राज्योत्सव छत्तीसगढ़ की संस्कृति, कौशल और सृजनशीलता का सशक्त प्रदर्शन होगा, जो प्रदेश को राष्ट्रीय पहचान दिलाएगा।