कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने राज्योत्सव और धान खरीदी तैयारियों की समीक्षा कर दिए आवश्यक निर्देश
बालोद कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने राज्योत्सव 2025 के सफल आयोजन और 17 नवंबर से शुरू हो रही धान खरीदी की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को राज्योत्सव में सभी विभागों की सक्रिय भागीदारी और धान खरीदी कार्य को निर्बाध रूप से संपन्न कराने के निर्देश दिए।
UNITED NEWS OF ASIA. परस साहू, बालोद। कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने सोमवार को संयुक्त जिला कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में अधिकारियों को निर्देशित किया कि आगामी राज्योत्सव समारोह (2 से 4 नवंबर) के सफल आयोजन के लिए सभी विभाग अपनी तैयारियां समय पर पूर्ण करें। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य के 25 वर्ष पूर्ण होने का यह अवसर गौरवपूर्ण है, इसलिए इसका आयोजन गरिमामय और सांस्कृतिक दृष्टि से भव्य होना चाहिए।
कलेक्टर ने बताया कि राज्योत्सव का आयोजन स्व. सरयु प्रसाद अग्रवाल स्टेडियम, बालोद में किया जाएगा, जिसमें प्रदेश के स्कूली शिक्षा, विधि विधायी एवं ग्रामोद्योग मंत्री श्री गजेन्द्र यादव मुख्य अतिथि होंगे। उन्होंने सभी विभागों को अपने-अपने विकास कार्यों की प्रदर्शनी स्टॉल लगाने और उन्हें आकर्षक तरीके से सुसज्जित करने के निर्देश दिए।
श्रीमती मिश्रा ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को स्वास्थ्य शिविर लगाने और आयुष्मान कार्ड वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं डिप्टी कलेक्टर प्राची ठाकुर को सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रिहर्सल एवं मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम तालिका तैयार करने की जिम्मेदारी सौंपी गई।
बैठक में कलेक्टर ने आगामी धान खरीदी सीजन (17 नवंबर 2025) की तैयारियों की भी विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कहा कि इस वर्ष जिले में 144 सहकारी समितियों के अंतर्गत 160 धान खरीदी केंद्र स्थापित किए गए हैं। सभी समितियों के लिए नोडल अधिकारियों की नियुक्ति कर दी गई है तथा उन्हें 29 और 30 अक्टूबर को प्रशिक्षण दिया जाएगा।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सभी नोडल अधिकारी अपने प्रभार वाले धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण करें और चेकलिस्ट के अनुसार प्रतिवेदन शीघ्र प्रस्तुत करें। उन्होंने यह भी कहा कि धान खरीदी कार्य पारदर्शी, व्यवस्थित और किसान हितैषी ढंग से संपन्न हो ताकि कोई भी पात्र किसान लाभ से वंचित न रहे।
बैठक में अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक, अजय किशोर लकरा, नूतन कंवर, तथा जिले के सभी राजस्व और विकास विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
श्रीमती मिश्रा ने अंत में कहा कि राज्योत्सव समारोह बालोद जिले की संस्कृति, लोककला और विकास का प्रतीक बनेगा और यह आयोजन जनभागीदारी एवं प्रशासनिक समन्वय की मिसाल प्रस्तुत करेगा।