महाराजबंध तालाब में तीसरे दिन भी ग्रीन आर्मी का स्वच्छता अभियान जारी, 25 से अधिक दुर्गा-गणेश झांकियों के अवशेष हटाए गए
रायपुर के ऐतिहासिक महाराजबंध तालाब में ग्रीन आर्मी छत्तीसगढ़ द्वारा चलाया जा रहा स्वच्छता अभियान तीसरे दिन भी पूरे उत्साह के साथ जारी रहा। अभियान के दौरान 25 से अधिक दुर्गा व गणेश झांकियों के अवशेष हटाए गए। डिप्टी कमिश्नर पांडेय की मौजूदगी से अभियान को नया सहयोग मिला।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर | शहर की ऐतिहासिक धरोहर महाराजबंध तालाब को स्वच्छ और संरक्षित करने के उद्देश्य से ग्रीन आर्मी छत्तीसगढ़ द्वारा चलाया जा रहा अभियान तीसरे दिन भी पूरे जोश और समर्पण के साथ जारी रहा। रविवार सुबह 7:30 बजे से ही ग्रीन आर्मी के सदस्य बड़ी संख्या में तालाब परिसर में एकत्र हुए और श्रमदान के माध्यम से तालाब की सफाई में जुट गए। इस दौरान तालाब से प्लास्टिक, पॉलीथिन, जलकुंभी के साथ-साथ दुर्गा और गणेश विसर्जन के बाद बचे 25 से अधिक झांकियों के अवशेष बाहर निकाले गए।
अभियान में युवाओं की भागीदारी विशेष रूप से सराहनीय रही। दिशा कॉलेज के छात्र-छात्राएं लगातार तीसरे दिन भी अभियान में शामिल हुए और पूरे उत्साह के साथ सफाई कार्य में योगदान दिया। युवाओं की यह सक्रिय सहभागिता पर्यावरण संरक्षण की दिशा में समाज के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण बन रही है।
ग्रीन आर्मी द्वारा जनजागरूकता पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। रोजाना पंपलेट वितरित कर नागरिकों को अभियान से जोड़ा जा रहा है। मंदिर परिसर में लगे माइक के माध्यम से श्रद्धालुओं और राहगीरों को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया जा रहा है। इसके साथ ही आसपास के घरों में जाकर भी लोगों से तालाब को स्वच्छ रखने और भविष्य में विसर्जन सामग्री तालाब में न डालने की अपील की जा रही है।
अभियान की गंभीरता और प्रभाव को देखते हुए नगर निगम रायपुर के डिप्टी कमिश्नर पांडेय स्वयं मौके पर पहुंचे। उन्होंने अपनी टीम के साथ सफाई कार्य में सहयोग किया और घाटों से भारी मलबा निकालने के लिए JCB मशीन की व्यवस्था करवाई। डिप्टी कमिश्नर ने ग्रीन आर्मी की इस जनभागीदारी आधारित पहल की सराहना करते हुए नगर निगम की ओर से हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
अभियान में महिलाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी भी देखने को मिली। सुबह-सुबह बड़ी संख्या में महिलाओं का तालाब पहुंचकर श्रमदान करना समाज के लिए सकारात्मक और प्रेरक संदेश है।
ग्रीन आर्मी छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष अमिताभ दुबे ने कहा कि यह अभियान केवल सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण का संकल्प है। वहीं रायपुर जिला अध्यक्ष गुरदीप टुटेजा ने इसे शहर की पहचान से जुड़ा बताते हुए अधिक से अधिक नागरिकों से जुड़ने की अपील की। ग्रीन आर्मी ने सभी सामाजिक संगठनों और नागरिकों से इस मुहिम में सहभागी बनने का आह्वान किया है।