रायपुर में 18 दिसंबर से मेगा हेल्थ कैंप 2025, विधायक राजेश मूणत के नेतृत्व में देशभर के सुपरस्पेशलिस्ट देंगे सेवाएं

रायपुर में 18 दिसंबर से 5 दिवसीय मेगा हेल्थ कैंप 2025 का आयोजन होगा। विधायक राजेश मूणत के नेतृत्व में 40 से अधिक अस्पताल और देशभर के सुपरस्पेशलिस्ट डॉक्टर निःशुल्क जांच व उपचार प्रदान करेंगे। शिविर का उद्घाटन मुख्यमंत्री विष्णु देव साय करेंगे।

Dec 14, 2025 - 12:43
 0  10
रायपुर में 18 दिसंबर से मेगा हेल्थ कैंप 2025, विधायक राजेश मूणत के नेतृत्व में देशभर के सुपरस्पेशलिस्ट देंगे सेवाएं

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर | रायपुर में स्वास्थ्य सेवाओं को नई ऊंचाई देने के उद्देश्य से 18 दिसंबर से मेगा हेल्थ कैंप 2025 का भव्य आयोजन किया जा रहा है। रायपुर पश्चिम के विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेश मूणत ने आयुर्वेदिक कॉलेज परिसर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस बहुप्रतीक्षित शिविर की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह 5 दिवसीय शिविर राजधानी रायपुर को विश्वस्तरीय चिकित्सा सुविधाओं से जोड़ने वाला ऐतिहासिक आयोजन साबित होगा।

 मूणत ने कहा कि इससे पहले आयुर्वेदिक कॉलेज परिसर में आयोजित पांच विशाल स्वास्थ्य शिविरों ने वर्ल्ड रिकॉर्ड स्थापित किया था। उसी विश्वास और जनसमर्थन के आधार पर इस वर्ष का मेगा हेल्थ कैंप और अधिक व्यापक, आधुनिक तथा सुविधायुक्त रूप में आयोजित किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ शासन के सभी संबंधित विभाग इस सेवा अभियान में सक्रिय सहयोग प्रदान कर रहे हैं, वहीं शहर की अनेक सामाजिक संस्थाएं भी इसमें सहभागिता निभा रही हैं। भारतीय जनता पार्टी के सेवाभावी कार्यकर्ता पूरे शिविर के दौरान मरीजों की सहायता और देखभाल की जिम्मेदारी संभालेंगे।

मेगा हेल्थ कैंप 2025 की विशेषता यह है कि इसमें दिल्ली, मुंबई, अहमदाबाद सहित देशभर से सुपरस्पेशलिस्ट डॉक्टर रायपुर पहुंचकर सेवाएं देंगे। इससे मरीजों को बड़े महानगरों की यात्रा किए बिना ही उच्च स्तरीय परामर्श और उपचार मिल सकेगा। शिविर के माध्यम से दिव्यांगजनों को विशेष राहत भी दी जाएगी। विनय मित्र मंडल के सहयोग से कृत्रिम जयपुर पैर, कृत्रिम हाथ, श्रवण यंत्र, ट्राइसिकल और वैशाखी निःशुल्क प्रदान की जाएंगी।

इस मेगा हेल्थ कैंप में 40 से अधिक प्रतिष्ठित अस्पतालों का सहयोग प्राप्त हो रहा है, जिनमें रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल, वी.वाई. हॉस्पिटल, बालाजी हॉस्पिटल,  नारायणा हॉस्पिटल, बाल्को हॉस्पिटल, एम्स रायपुर सहित कई नामचीन संस्थान शामिल हैं। कैंसर, हृदय रोग, नेत्र रोग, स्त्री रोग, अस्थि रोग, बांझपन उपचार, आयुर्वेद और अन्य चिकित्सा विधाओं से जुड़े विशेषज्ञ डॉक्टर निःशुल्क जांच, परामर्श, उपचार और दवाइयों का वितरण करेंगे।

मूणत ने बताया कि इस मेगा हेल्थ कैंप का उद्घाटन 18 दिसंबर को मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय करेंगे। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस सेवा अभियान का लाभ उठाएं और “स्वस्थ रायपुर, सुखी रायपुर” के संकल्प में सहभागी बनें।