गदही तालाब सफाई अभियान 5वें सप्ताह में, ग्रीन आर्मी के प्रयासों से दिखा बड़ा बदलाव

रायपुरा स्थित गदही तालाब में ग्रीन आर्मी द्वारा चलाया जा रहा सफाई अभियान 5वें सप्ताह में भी जारी है, जिससे क्षेत्र में स्वच्छता और सौंदर्यीकरण में स्पष्ट सुधार देखने को मिल रहा है।

Mar 22, 2026 - 14:18
 0  2
गदही तालाब सफाई अभियान 5वें सप्ताह में, ग्रीन आर्मी के प्रयासों से दिखा बड़ा बदलाव

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर। रायपुर के रायपुरा क्षेत्र स्थित गदही तालाब में स्वच्छता और सौंदर्यीकरण को लेकर ग्रीन आर्मी रायपुरा जोन द्वारा चलाया जा रहा विशेष सफाई अभियान 5वें सप्ताह में भी लगातार जारी है। इस अभियान के चलते क्षेत्र में सकारात्मक और स्पष्ट परिवर्तन देखने को मिल रहा है।

ग्रीन आर्मी के संस्थापक एवं प्रदेश अध्यक्ष अमिताभ दुबे के मार्गदर्शन में यह अभियान निरंतर गति पकड़ रहा है। टीम द्वारा वर्षों से जमी गंदगी को हटाने, कचरे के बड़े ढेर साफ करने और नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने का कार्य किया गया है।

अभियान के तहत तालाब की पचरी की सफाई कर उसे उपयोग योग्य बनाया गया है, जिससे आम नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिल रही है। इसके अलावा तालाब परिसर स्थित गार्डन की सफाई कर उसे स्वच्छ और आकर्षक बनाया गया है।

विशेष रूप से, लंबे समय से बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को भी पुनः चालू कराया गया है, जिससे क्षेत्र में रोशनी की व्यवस्था बेहतर हुई है और लोगों को राहत मिली है।

इन प्रयासों के परिणामस्वरूप गदही तालाब क्षेत्र में स्वच्छता और व्यवस्था का स्पष्ट सुधार नजर आ रहा है, वहीं स्थानीय नागरिकों में भी जागरूकता बढ़ी है।

इस दौरान रायपुरा जोन अध्यक्ष सुबोध कांत, सचिव मनीष शर्मा, उपाध्यक्ष मेघराज हरिनखेड़े सहित टीम के सदस्य उपस्थित रहे। साथ ही स्थानीय पार्षद महेंद्र औसर ने भी टीम के कार्यों की सराहना की।

प्रदेश मीडिया प्रभारी शशिकांत यदु ने बताया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और इसे और व्यापक रूप दिया जाएगा, ताकि क्षेत्र में स्थायी स्वच्छता सुनिश्चित की जा सके।