भाटागांव बाजार निर्धारित स्थल पर शिफ्ट, मुख्य मार्ग अतिक्रमणमुक्त, बाजार परिसर में नो-व्हीकल जोन लागू
रायपुर के भाटागांव बाजार को निर्धारित स्थल पर व्यवस्थित रूप से शिफ्ट कराया गया। नगर निगम की कार्रवाई में मुख्य मार्ग को अतिक्रमणमुक्त कराया गया और बाजार परिसर में नो-व्हीकल जोन लागू किया गया। विक्रेताओं को आवंटित स्थल पर ही व्यवसाय करने के निर्देश दिए गए हैं।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l नगर पालिक निगम रायपुर ने शहर में यातायात और बाजार व्यवस्था को व्यवस्थित करने के उद्देश्य से भाटागांव बाजार को निर्धारित स्थल पर शिफ्ट कराया। आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर नगर निगम बाजार विभाग, टाउन प्लानिंग टीम, टीम प्रहरी और पुलिस बल की संयुक्त मौजूदगी में कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान भाटागांव बाजार के मुख्य मार्ग को अतिक्रमणमुक्त कराया गया। सड़क पर अव्यवस्थित रूप से बैठकर व्यवसाय करने वाले विक्रेताओं को निर्धारित बाजार स्थल पर शिफ्ट किया गया। नगर निगम की ओर से बाजार के प्रत्येक व्यवसायी और विक्रेता के लिए निर्धारित एवं आवंटित स्थान तय किया गया है। सभी संबंधितों को अपने आवंटित स्थल पर ही व्यवसाय करने के निर्देश दिए गए हैं।
बाजार परिसर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए नो-व्हीकल जोन लागू किया गया है। इसके तहत विक्रेताओं और सब्जी खरीदने आने वाले ग्राहकों को बाजार परिसर के भीतर वाहन ले जाने की अनुमति नहीं होगी। नगर निगम ने सभी लोगों से निर्धारित पार्किंग और वाहन स्थल का उपयोग करने की अपील की है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
थोक सब्जी विक्रेताओं के वाहनों के लिए बाजार परिसर में अलग से निर्धारित स्थान चिन्हित किए गए हैं। इसका उद्देश्य वाहनों की अनियमित पार्किंग के कारण बाजार परिसर और मुख्य मार्ग पर होने वाली यातायात बाधा को रोकना है।
नगर निगम की टाउन प्लानिंग टीम ने मुख्य मार्ग पर दुकानों को आगे बढ़ाकर बनाई गई अवैध संरचनाओं के खिलाफ भी कार्रवाई की। ऐसी संरचनाओं को हटाया गया। निगम ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक मार्ग और निर्धारित सीमाओं पर अवैध निर्माण या अतिक्रमण स्वीकार नहीं किया जाएगा।
निर्धारित आवंटित स्थल के अतिरिक्त किसी अन्य स्थान पर बैठकर बाजार व्यवस्था प्रभावित करने वाले विक्रेताओं के खिलाफ भी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। निर्देशों का उल्लंघन करने वाले आवंटितियों का आवंटन निरस्त करने की कार्रवाई की जा सकती है।
नगर निगम के अनुसार, शासकीय कार्रवाई के दौरान कर्मचारियों के साथ अभद्रता और शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने वाले एक व्यक्ति को पुलिस के सुपुर्द किया गया। निगम ने कहा कि बाजार में अव्यवस्था फैलाने, अतिक्रमण करने या शासकीय कार्य में बाधा डालने वालों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई के दौरान बाजार विभाग की उपायुक्त डॉ. अंजलि शर्मा, नगर निवेशक आभाष मिश्रा, नगर निगम जोन-6 के जोन कमिश्नर हितेन्द्र यादव सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी और पुलिस बल मौजूद रहे। नगर निगम का उद्देश्य भाटागांव बाजार को व्यवस्थित, सुरक्षित और सुगम बनाते हुए विक्रेताओं तथा आम नागरिकों के लिए बेहतर बाजार व्यवस्था सुनिश्चित करना है।