गौरवपथ 2.0 की सौगात: सीएसईबी चौक से पचपेड़ीनाका तक ₹12 करोड़ से होगा सड़क का सौंदर्यीकरण

रायपुर में सीएसईबी चौक बूढ़ापारा से पचपेड़ीनाका तक करीब 1300 मीटर लंबे गौरवपथ 2.0 के लगभग ₹12 करोड़ की लागत से विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्य का भूमिपूजन हुआ। बृजमोहन अग्रवाल ने इसे राजधानी की स्मार्ट रोड बनाने पर जोर दिया। सुनील सोनी ने मजबूत ड्रेनेज, डक्ट और वाटर सिस्टम की जरूरत बताई, जबकि मीनल चौबे ने कहा कि किसी दुकानदार की दुकान नहीं तोड़ी जाएगी।

Aug 9, 2026 - 15:34
 0  4
गौरवपथ 2.0 की सौगात: सीएसईबी चौक से पचपेड़ीनाका तक ₹12 करोड़ से होगा सड़क का सौंदर्यीकरण

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l राजधानी रायपुर में गौरवपथ 2.0 के विकास और सौंदर्यीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। रायपुर नगर पालिक निगम द्वारा सीएसईबी चौक बूढ़ापारा से पचपेड़ीनाका तक करीब 1300 मीटर लंबे और लगभग 24 मीटर चौड़े सड़क मार्ग के विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्य का भूमिपूजन किया गया। लगभग ₹12 करोड़ की स्वीकृत लागत से होने वाले इस कार्य की शुरुआत श्रीफल फोड़कर और कुदाल चलाकर की गई।

कार्यक्रम में रायपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल मुख्य अतिथि रहे। रायपुर दक्षिण विधायक सुनील सोनी ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। रायपुर पश्चिम विधायक राजेश मूणत, रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा, महापौर मीनल चौबे, सभापति सूर्यकांत राठौड़, नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, व्यापारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

राजधानी की सबसे स्मार्ट रोड बनाने पर जोर

भूमिपूजन कार्यक्रम में बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि गौरवपथ 2.0 को राजधानी की सबसे स्मार्ट रोड के रूप में विकसित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सीएसईबी चौक बूढ़ापारा से पचपेड़ीनाका तक का यह मार्ग धमतरी, देवभोग, विशाखापट्टनम और बस्तर की ओर जाने वाले प्रमुख मार्गों से जुड़ता है। ऐसे में इसका विकास राजधानी की जरूरतों और भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर किया जाना चाहिए।

उन्होंने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से जनता के साथ बेहतर समन्वय बनाकर कार्य करने की अपील की। अग्रवाल ने कहा कि व्यवस्थित विकास के लिए आम नागरिकों की भागीदारी भी जरूरी है।

सड़क निर्माण के साथ ड्रेनेज और डक्ट सिस्टम हो मजबूत

रायपुर दक्षिण विधायक सुनील सोनी ने कहा कि गौरवपथ 2.0 का विकास गौरवपथ 1.0 की तर्ज पर गुणवत्तापूर्ण तरीके से किया जाना चाहिए। सड़क निर्माण के दौरान डक्ट, वाटर और ड्रेनेज सिस्टम को मजबूत बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि भविष्य में किसी कार्य के लिए नई सड़क को खोदने की जरूरत न पड़े।

उन्होंने तात्यापारा चौक से शारदा चौक तक सड़क चौड़ीकरण की प्रक्रिया भी शीघ्र आगे बढ़ाने की आवश्यकता बताई।

किसी दुकानदार की दुकान नहीं तोड़ी जाएगी

महापौर मीनल चौबे ने कहा कि गौरवपथ 2.0 योजना के तहत केवल विकास और सौंदर्यीकरण का कार्य किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी दुकानदार की दुकान नहीं तोड़ी जाएगी। करीब 1300 मीटर लंबे मार्ग को आधुनिक सुविधाओं के साथ विकसित कर शहरवासियों को बेहतर सड़क और सौंदर्यीकरण की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

सभापति सूर्यकांत राठौड़ ने कहा कि गौरवपथ 2.0 का विकास और सौंदर्यीकरण रायपुर के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने इसे जनप्रतिनिधियों और नगर निगम के सतत प्रयासों का परिणाम बताया।

कार्यक्रम में नगर निगम के विभिन्न अधिकारी, पार्षद, एमआईसी सदस्य, सामाजिक कार्यकर्ता, व्यापारी, वरिष्ठ नागरिक और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन अपर आयुक्त विनोद पाण्डेय ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन पार्षद प्रमोद कुमार साहू ने किया।