चिरमिरी में पहली बार संभाग स्तरीय रैपिड शतरंज प्रतियोगिता, 94 खिलाड़ियों ने दिखाया दम

एमसीबी जिले के चिरमिरी में पहली बार संभाग स्तरीय रैपिड शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। सात राउंड तक चले मुकाबलों में 94 खिलाड़ियों ने भाग लिया, जिसमें मोहम्मद हसनैन अली विजेता और श्रेयांश मिश्रा उपविजेता रहे।

Jul 14, 2026 - 14:37
 0  7
चिरमिरी में पहली बार संभाग स्तरीय रैपिड शतरंज प्रतियोगिता, 94 खिलाड़ियों ने दिखाया दम

UNITED NEWS OF ASIA. जमील अंसारी, कोरिया l मसीबी जिले के चिरमिरी में पहली बार संभाग स्तरीय रैपिड शतरंज प्रतियोगिता-2026 का भव्य आयोजन हल्दीबाड़ी स्थित हायर सेकेंडरी स्कूल में किया गया। चिरमिरी शतरंज संघ के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में संभाग के विभिन्न जिलों से आए 94 खिलाड़ियों ने हिस्सा लेकर अपनी रणनीति, एकाग्रता और खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता का उद्देश्य क्षेत्र में शतरंज खेल को बढ़ावा देना तथा नई प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराना था। महिला, पुरुष और विभिन्न आयु वर्ग के खिलाड़ियों की भागीदारी से आयोजन पूरे दिन रोमांचक मुकाबलों का केंद्र बना रहा। सात राउंड तक चले मुकाबलों के बाद मोहम्मद हसनैन अली ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि श्रेयांश मिश्रा दूसरे स्थान पर रहे। श्रेया शिल्पी ने तीसरा, राजेश कुमार मिश्रा ने चौथा और अरुण सिंह ने पांचवां स्थान प्राप्त किया।

आयोजन समिति ने बताया कि चिरमिरी में पहली बार अंतरराष्ट्रीय नियमों के अनुरूप, विशेषज्ञ आर्बिटरों की निर्णायक मंडली और छत्तीसगढ़ शतरंज संघ के मार्गदर्शन में इस स्तर की प्रतियोगिता आयोजित की गई। खिलाड़ियों, अभिभावकों और खेल प्रेमियों ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र में शतरंज के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।

समिति के अनुसार इस सफल आयोजन से भविष्य में राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के आयोजन का मार्ग भी प्रशस्त होगा। प्रतियोगिता के आयोजन में विभिन्न संस्थाओं और प्रायोजकों का भी सहयोग मिला। चिरमिरी शतरंज संघ के अध्यक्ष के. डोमरू रेड्डी, सचिव बी. मनियन तथा संघ के पदाधिकारियों और स्वयंसेवकों ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

प्रतियोगिता का शुभारंभ प्रो. भागवत प्रसाद दुबे के मुख्य आतिथ्य तथा मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. ए.के. बिराजी की अध्यक्षता में हुआ। समापन समारोह में महापौर राम नरेश राय मुख्य अतिथि रहे। कार्यक्रम में सरोज कुमार वैष्णव, डी.के. उपाध्याय, सुजीत जायसवाल, वैभव तिवारी, पी.के. मंडल सहित कई जनप्रतिनिधि, खेल पदाधिकारी और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

पुरस्कार वितरण समारोह में चिरमिरी शतरंज संघ के अध्यक्ष के. डोमरू रेड्डी ने प्रतियोगिता का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। मुख्य अतिथि राम नरेश राय, डी.के. उपाध्याय और सरोज कुमार वैष्णव ने विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन युवाओं में बौद्धिक खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ-साथ क्षेत्र से राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को तैयार करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

आयोजकों ने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में चिरमिरी शतरंज प्रतियोगिताओं का प्रमुख केंद्र बनेगा और यहां से निकलने वाली प्रतिभाएं प्रदेश तथा राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान स्थापित करेंगी।