महादेव घाट पर आस्था का सैलाब, छठ व्रतियों ने डूबते सूर्य को दिया अर्घ्य — आज उषा अर्घ्य के साथ होगा महापर्व का समापन

रायपुर के खारुन नदी स्थित महादेव घाट पर चार दिवसीय छठ महापर्व के तीसरे दिन हजारों व्रतियों ने डूबते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सोमवार शाम भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ घाट पर श्रद्धा और आस्था का अनूठा संगम देखने मिला।

Oct 28, 2025 - 12:23
 0  11
महादेव घाट पर आस्था का सैलाब, छठ व्रतियों ने डूबते सूर्य को दिया अर्घ्य — आज उषा अर्घ्य के साथ होगा महापर्व का समापन

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर। राजधानी रायपुर के खारुन नदी स्थित महादेव घाट पर सोमवार को आस्था और भक्ति का महासागर उमड़ पड़ा। चार दिवसीय छठ महापर्व के तीसरे दिन हजारों श्रद्धालु महिलाओं और पुरुषों ने संध्या के समय डूबते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया।

 

सुंदरता से सजे घाट पर व्रती महिलाएं पारंपरिक वस्त्रों में पूजा सामग्री के साथ पहुंचीं और सूर्यदेव से परिवार की सुख-समृद्धि और आरोग्यता की कामना की। इस अवसर पर महादेव घाट छठ महापर्व आयोजन समिति के अध्यक्ष राजेश कुमार सिंह ने बताया कि चार दिवसीय पर्व का समापन मंगलवार, 28 अक्टूबर को उषा अर्घ्य के साथ होगा।

 

कार्यक्रम में कई गणमान्य अतिथि भी उपस्थित रहे। इनमें छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, विधायक पुरंदर मिश्र, महापौर मीनल चौबे, पूर्व मंत्री सत्यनारायण शर्मा, कांग्रेस नेता आर.पी. सिंह, और भाजपा नेता रवींद्र सिंह शामिल थे। अतिथियों का समिति पदाधिकारियों द्वारा पारंपरिक रूप से स्वागत किया गया।

 

संध्या के समय महादेव घाट पर भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस अवसर पर मुंबई की अंतर्राष्ट्रीय लोक गायिका स्वाती मिश्रा ने पारंपरिक छठ गीतों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। वहीं लोकधारा के प्रसिद्ध कलाकार तिलक राजा साहू और केशरी साहू ने छत्तीसगढ़ी लोकगीतों की शानदार प्रस्तुति दी। इसके अतिरिक्त प्रयागराज की सोनाली एवं तरुण चोपड़ा टीम ने नृत्य नाटिका प्रस्तुत की, जिसे श्रद्धालुओं ने खूब सराहा।

आयोजन समिति की ओर से घाट परिसर में महाआरती, भंडारा, प्रकाश व्यवस्था, और सुरक्षा इंतजामों की उत्कृष्ट व्यवस्था की गई थी। पुलिस और नगर निगम के सहयोग से घाट परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष प्रबंध किए गए।

इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष राजेश कुमार सिंह, उपाध्यक्ष कन्हैया सिंह, प्रचार-प्रसार सचिव ब्रजेश सिंह, सह सचिव राकेश सिंह, कोषाध्यक्ष सुनील सिंह, तथा अन्य सदस्यों रवींद्र सिंह, मुक्तिनाथ पांडे, शशि सिंह, अजय शर्मा सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

महादेव घाट का यह आयोजन न केवल उत्तर भारतीय समाज की आस्था का प्रतीक है, बल्कि यह रायपुर की सांस्कृतिक एकता और धार्मिक सद्भावना का भी प्रतीक बन चुका है। मंगलवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ यह पावन पर्व पूर्ण होगा।