प्रभारी सचिव ने कोण्डागांव में कौशल प्रशिक्षण गतिविधियों का लिया जायजा, आईटीआई-पॉलिटेक्निक और गारमेंट फैक्ट्री का किया निरीक्षण

कोण्डागांव में प्रभारी सचिव एवं कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग के सचिव बसव राजू एस. ने आईटीआई, पॉलिटेक्निक, जिला परियोजना लाइवलीहुड कॉलेज और कोंडानार गारमेंट फैक्ट्री का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से संवाद कर प्रशिक्षण, सुविधाओं और रोजगार की स्थिति की जानकारी ली। अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण, प्लेसमेंट, स्वरोजगार और अधिक रोजगारपरक प्रशिक्षण बैच शुरू करने के निर्देश दिए।

Sep 11, 2026 - 20:05
 0  2
प्रभारी सचिव ने कोण्डागांव में कौशल प्रशिक्षण गतिविधियों का लिया जायजा, आईटीआई-पॉलिटेक्निक और गारमेंट फैक्ट्री का किया निरीक्षण

UNITED NEWS OF ASIA. रामकुमार भारद्वाज, कोण्डागांव। जिले में कौशल विकास और रोजगार से जुड़ी गतिविधियों की प्रगति का जायजा लेने के लिए प्रभारी सचिव एवं कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग के सचिव बसव राजू एस. ने शुक्रवार को विभिन्न प्रशिक्षण संस्थानों और रोजगारपरक इकाइयों का निरीक्षण किया। उन्होंने कोण्डागांव में संचालित औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), पॉलिटेक्निक, जिला परियोजना लाइवलीहुड कॉलेज तथा कोंडानार गारमेंट फैक्ट्री का भ्रमण कर वहां चल रही गतिविधियों की जानकारी ली। इस दौरान कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना भी उनके साथ मौजूद रहीं।

निरीक्षण के दौरान प्रभारी सचिव ने प्रशिक्षणार्थियों से सीधे संवाद किया और उन्हें दिए जा रहे प्रशिक्षण, संस्थानों में उपलब्ध सुविधाओं तथा प्रशिक्षण पूरा होने के बाद रोजगार से जुड़ने की स्थिति के बारे में जानकारी ली। उन्होंने प्रशिक्षण संस्थानों में प्रयोगशालाओं को आधुनिक एवं सर्वसुविधायुक्त बनाने पर जोर दिया। साथ ही विद्यार्थियों की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कौशल प्रशिक्षण का उद्देश्य केवल प्रशिक्षण तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि अधिक से अधिक युवाओं को प्रशिक्षण के बाद रोजगार, प्लेसमेंट और स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ना जरूरी है।

प्रभारी सचिव ने जिला परियोजना लाइवलीहुड कॉलेज का भी निरीक्षण किया। यहां वर्तमान में संचालित विभिन्न प्रशिक्षण गतिविधियों की जानकारी लेने के साथ उन्होंने चार प्रशिक्षण बैचों में शामिल प्रशिक्षणार्थियों से बातचीत की। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से उनके पाठ्यक्रम, प्रशिक्षण की गुणवत्ता और आगे की योजनाओं के संबंध में जानकारी ली। वार्षिक प्रशिक्षण लक्ष्य को समय पर पूरा करने के लिए उन्होंने माह के अंत तक अधिक से अधिक नए प्रशिक्षण बैच शुरू करने के निर्देश दिए। इससे जिले के अधिक युवाओं को कौशल प्रशिक्षण के अवसर उपलब्ध हो सकेंगे।

लाइवलीहुड कॉलेज में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे पुनर्वासित युवाओं से भी प्रभारी सचिव ने संवाद किया। उन्होंने युवाओं से प्रशिक्षण के विषय और उन्हें मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कौशल प्रशिक्षण के माध्यम से युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के लिए सक्षम बनाया जाना चाहिए, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें और समाज की मुख्यधारा से जुड़कर बेहतर भविष्य की दिशा में आगे बढ़ सकें।

इसके बाद प्रभारी सचिव ने जिला प्रशासन की पहल के तहत संचालित कोंडानार गारमेंट फैक्ट्री का निरीक्षण किया। यहां कार्यरत युवतियों और महिलाओं से उन्होंने बातचीत कर उनके कामकाज और रोजगार से जुड़ी जानकारी ली। उन्होंने महिलाओं और युवतियों को प्रोत्साहित करते हुए इस तरह की रोजगारपरक इकाइयों के विस्तार की आवश्यकता बताई। उन्होंने जिला प्रशासन की पहल की सराहना करते हुए अन्य विकासखंडों में भी ऐसी इकाइयां स्थापित करने तथा अधिक से अधिक युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार से जोड़ने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अविनाश भोई, अपर कलेक्टर अजय उरांव, सहायक परियोजना अधिकारी लाइवलीहुड कॉलेज पुनेश्वर वर्मा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। प्रभारी सचिव के निरीक्षण को जिले में कौशल विकास, प्रशिक्षण और रोजगार के अवसरों को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अधिकारियों को प्रशिक्षण संस्थानों की सुविधाओं में सुधार के साथ युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।