रायपुर में आज सजेगा प्रिंटिंग उद्योग का अंतरराष्ट्रीय मंच, पहली इंटरनेशनल प्रिंटिंग कॉन्फ्रेंस में चार देशों के विशेषज्ञ होंगे शामिल
छत्तीसगढ़ प्रिंटर्स एसोसिएशन (CPA) और एमएसएमई मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से रायपुर के होटल बेबीलॉन कैपिटल में पहली इंटरनेशनल प्रिंटिंग कॉन्फ्रेंस आयोजित होगी। सम्मेलन में सिंगापुर, मलेशिया, श्रीलंका और नेपाल के विशेषज्ञ प्रिंटिंग एवं पैकेजिंग उद्योग की नई तकनीकों, एआई, ऑटोमेशन और भविष्य की संभावनाओं पर मार्गदर्शन देंगे।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l छत्तीसगढ़ की प्रिंटिंग एवं पैकेजिंग इंडस्ट्री के लिए रविवार का दिन ऐतिहासिक होने जा रहा है। छत्तीसगढ़ प्रिंटर्स एसोसिएशन (CPA) द्वारा एमएसएमई मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से प्रदेश की पहली इंटरनेशनल प्रिंटिंग कॉन्फ्रेंस का आयोजन आज दोपहर 2 बजे होटल बेबीलॉन कैपिटल, रायपुर में किया जाएगा। इस सम्मेलन में देश-विदेश के उद्योग विशेषज्ञ, प्रिंटर्स, पैकेजिंग कंपनियों के प्रतिनिधि, उद्यमी और तकनीकी विशेषज्ञ एक मंच पर एकत्र होंगे।
सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य प्रिंटिंग एवं पैकेजिंग उद्योग को आधुनिक तकनीकों से जोड़ना, उद्योग जगत के बीच सहयोग बढ़ाना तथा भविष्य की चुनौतियों और संभावनाओं पर विचार-विमर्श करना है। आयोजन के माध्यम से उद्योग से जुड़े लोगों को वैश्विक स्तर के विशेषज्ञों से सीधे संवाद का अवसर मिलेगा।
सम्मेलन में सिंगापुर/मलेशिया के अग्रा लिम, श्रीलंका की पैकेजिंग विशेषज्ञ अगामपोदी पी.एस. मेंडिस, श्रीलंका एसोसिएशन ऑफ प्रिंटर्स के अध्यक्ष जनाका रत्नकुमारा तथा नेपाल के उद्योग विशेषज्ञ माधव भट्टराई विशेष व्याख्यान देंगे। विशेषज्ञ प्रिंटिंग एवं पैकेजिंग उद्योग में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), ऑटोमेशन, गुणवत्ता सुधार, लागत नियंत्रण, उत्पादन क्षमता बढ़ाने और बदलते वैश्विक बाजार की आवश्यकताओं पर अपने अनुभव साझा करेंगे।
आयोजकों का कहना है कि यह सम्मेलन केवल तकनीकी जानकारी तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि उद्योग जगत के लिए नए व्यापारिक अवसरों और अंतरराष्ट्रीय सहयोग का भी मंच बनेगा। इससे प्रदेश के प्रिंटिंग एवं पैकेजिंग उद्योग को नई दिशा मिलने के साथ-साथ छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलने की उम्मीद है।
कार्यक्रम में प्रतिभागियों के लिए मेगा लकी ड्रॉ का आयोजन भी किया गया है, जिसमें आकर्षक पुरस्कार दिए जाएंगे। सम्मेलन के समापन पर रात्रिभोज की भी व्यवस्था की गई है, जिससे उद्योग जगत के प्रतिनिधियों को आपसी संवाद और नेटवर्किंग का अवसर मिलेगा।
छत्तीसगढ़ प्रिंटर्स एसोसिएशन ने प्रदेश सहित पड़ोसी राज्यों के प्रिंटर्स, पैकेजिंग उद्योग से जुड़े उद्यमियों, तकनीकी विशेषज्ञों और व्यवसायियों से इस ऐतिहासिक आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। आयोजकों का मानना है कि यह सम्मेलन प्रिंटिंग एवं पैकेजिंग उद्योग में नवाचार, आधुनिक तकनीक और वैश्विक अनुभवों को साझा करने का महत्वपूर्ण मंच बनेगा तथा उद्योग के विकास को नई गति प्रदान करेगा।