बोरगांव जंगल में मिला अज्ञात युवक का सड़ा-गला शव, पेड़ और गले में बंधा था गमछा

फरसगांव थाना क्षेत्र के बोरगांव जंगल में 5–6 दिन पुराना अज्ञात युवक का सड़ा-गला शव मिलने से सनसनी फैल गई। पेड़ और मृतक के गले में गमछा बंधा हुआ मिला है। पुलिस ने शव को डीएनए जांच हेतु जगदलपुर मेडिकल कॉलेज भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Jan 10, 2026 - 15:31
 0  9
बोरगांव जंगल में मिला अज्ञात युवक का सड़ा-गला शव, पेड़ और गले में बंधा था गमछा

UNITED NEWS OF ASIA.रामकुमार भारद्वाज,कोंडागांव फरसगांव। थाना फरसगांव क्षेत्र के अंतर्गत बोरगांव से पांडेआठगांव जाने वाले मार्ग पर स्थित बोरगांव जंगल में शुक्रवार को एक अज्ञात युवक का सड़ा-गला शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव पेड़ के नीचे पड़ा हुआ था, जबकि पेड़ और मृतक के गले में गमछा बंधा हुआ पाया गया, जिससे प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार स्थानीय ग्रामीणों द्वारा जंगल में बदबू आने पर इसकी सूचना फरसगांव पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक विकास चंद्र राय के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू की गई। मौके पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने साक्ष्य एकत्रित कर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।

पुलिस के अनुसार मृतक युवक की उम्र लगभग 30 से 40 वर्ष के बीच आंकी जा रही है। शव की स्थिति देखकर अनुमान लगाया जा रहा है कि मौत 5 से 6 दिन पूर्व हुई है। शव सड़ चुका था और उससे तेज दुर्गंध आ रही थी। मृतक ने आसमानी नीले रंग की टी-शर्ट और नीले रंग की जींस पहन रखी थी। घटनास्थल या शव के पास से ऐसा कोई दस्तावेज या पहचान संबंधी सामग्री नहीं मिली, जिससे मृतक की पहचान हो सके।

थाना प्रभारी निरीक्षक विकास चंद्र राय ने बताया कि पेड़ और मृतक के गले में बंधे गमछे को देखकर प्रतीत होता है कि युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या की होगी। संभावना जताई जा रही है कि गमछा टूटने के कारण शव नीचे गिर गया। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

मृतक की पहचान सुनिश्चित करने के लिए शव को पोस्टमार्टम एवं डीएनए परीक्षण हेतु जगदलपुर मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। पुलिस आसपास के थाना क्षेत्रों में गुमशुदा व्यक्तियों की रिपोर्ट खंगाल रही है और स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।

फिलहाल फरसगांव पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू पर जांच कर रही है। डीएनए रिपोर्ट और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृतक की पहचान और मौत के कारणों पर स्पष्ट जानकारी सामने आ पाएगी।