‘‘मेरे सपनों का कवर्धा‘‘ जनसंवाद से गढ़ा गया, शहर के विकास का नया विजन-चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी

नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी की पहल पर आयोजित “मेरे सपनों का कवर्धा” कार्यक्रम में 500 से अधिक लेखों के माध्यम से नागरिकों और विद्यार्थियों ने शहर के भविष्य को लेकर अपने सुझाव दिए। यह आयोजन भाषण नहीं, बल्कि जनसंवाद के जरिए कवर्धा के विकास का साझा विजन तय करने की दिशा में अहम कदम बना।

Jan 24, 2026 - 10:46
 0  23
‘‘मेरे सपनों का कवर्धा‘‘ जनसंवाद से गढ़ा गया, शहर के विकास का नया विजन-चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी

UNITED NEWS OF ASIA. कवर्धा। “आज मैं आपसे भाषण देने नहीं, संवाद करने आया हूँ। यह मंच न तो सरकार का है, न फाइलों का, बल्कि हम सबका है।”

इन्हीं शब्दों के साथ नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने मेरे सपनों का कवर्धा कार्यक्रम के माध्यम से शहर के विकास का एक नया विजन प्रस्तुत किया। नगर पालिका परिषद कवर्धा द्वारा स्थानीय पीजी कॉलेज सभागार में आयोजित यह कार्यक्रम पारंपरिक राजनीतिक भाषणों से अलग, जनसंवाद और जनभागीदारी का जीवंत उदाहरण बना।

कार्यक्रम की परिकल्पना नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी द्वारा की गई, जिसका उद्देश्य शहर के विकास में आम नागरिकों, युवाओं और विद्यार्थियों की सीधी भागीदारी सुनिश्चित करना रहा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यह आयोजन किसी जन्मदिन या औपचारिक कार्यक्रम का नहीं, बल्कि कवर्धा के भविष्य को गढ़ने का मंच है।

500 से अधिक लेखों से निकले शहर के सुझाव

कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित निबंध प्रतियोगिता को दो वर्गों में बांटा गया—पहला वर्ग आम नागरिकों के लिए और दूसरा वर्ग कक्षा 10वीं से ऊपर के स्कूल एवं कॉलेज के विद्यार्थियों के लिए। दोनों श्रेणियों से 500 से अधिक लेख प्राप्त हुए, जो शहर के प्रति नागरिकों की जागरूकता और जिम्मेदारी का प्रमाण हैं।

लेखों के मूल्यांकन को लेकर अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने कहा,
“हर लेख को पढ़ा गया है। शहर के प्रबुद्ध नागरिकों और शिक्षाविदों को यह जिम्मेदारी दी गई कि वे हर सुझाव को समझें, उसका मूल्यांकन करें, क्योंकि हर विचार हमारे लिए कीमती है।”

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यह आयोजन केवल पुरस्कार तक सीमित नहीं है।
“यह कवर्धा की कार्ययोजना का बीज है। हम आज वादे नहीं बाँट रहे, बल्कि दिशा तय कर रहे हैं। आपने सोचा, आपने लिखा—अब उसे धरातल पर उतारना हमारी जिम्मेदारी है।”

निबंध प्रतियोगिता के विजेता

आम नागरिक वर्ग में—

  • प्रथम पुरस्कार: नरेंद्र प्रसाद कल मित्र

  • द्वितीय पुरस्कार: श्रीमती अनीता जायसवाल

  • तृतीय पुरस्कार: बिजेंद्र साहू

विशेष सम्मान पुरस्कार आदित्य श्रीवास्तव, आकाश आहूजा और जितेंद्र सिंह ठाकुर (सर) को प्रदान किया गया।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों में विद्यार्थियों का उत्कृष्ट प्रदर्शन

कार्यक्रम के अंतर्गत छत्तीसगढ़ी सहित विभिन्न विधाओं के सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

  • प्रथम पुरस्कार: कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, कवर्धा

  • द्वितीय पुरस्कार: अशोका पब्लिक स्कूल, कवर्धा

  • तृतीय पुरस्कार: गुरुकुल पब्लिक स्कूल एवं रामकृष्ण पब्लिक स्कूल, कवर्धा

बच्चों की रंगारंग प्रस्तुतियों ने पूरे माहौल को उत्साह और ऊर्जा से भर दिया।

क्विज प्रतियोगिता और जनभागीदारी

कार्यक्रम के दौरान कवर्धा से संबंधित प्रश्नोत्तरी (क्विज प्रतियोगिता) भी आयोजित की गई, जिसमें सही उत्तर देने वाले प्रतिभागियों को मेडल एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। बड़ी संख्या में नागरिकों, विद्यार्थियों और गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति ने इस आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया।

अंत में नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने कहा—
“‘मेरे सपनों का कवर्धा’ अब केवल मेरा नहीं, हम सबका साझा सपना है।”