पाली में पूजा-अर्चना के साथ धान उपार्जन कार्य का शुभारंभ, किसानों में खुशी की लहर
कोरबा जिले के पाली विकासखंड में खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के लिए धान उपार्जन केंद्र का पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ शुभारंभ किया गया। तौल मशीन और कांटा-बांट की पूजा-अर्चना के बाद किसानों का पंजीकरण कर धान खरीदी की प्रक्रिया शुरू की गई। किसानों में नए उत्साह और संतोष की भावना देखने को मिली।
UNITED NEWS OF ASIA. भूपेन्द्र साहू, कोरबा | खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के लिए समूचे छत्तीसगढ़ में 15 नवंबर से धान उपार्जन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसी क्रम में कोरबा जिले के पाली विकासखंड के धान उपार्जन केंद्र में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ खरीदी कार्य का शुभारंभ किया गया। तौल मशीन और कांटा-बांट की विशेष पूजा-अर्चना के बाद औपचारिक रूप से धान खरीदी की प्रक्रिया प्रारंभ की गई।
कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष पाली अजय जायसवाल एवं एसडीएम पाली रोहित सिंह उपस्थित रहे। अतिथियों ने विधि-विधान से पूजा कर खरीदी कार्य शुरू कराया और केंद्र में पहुंचने वाले किसानों का उत्साहवर्धन किया।
पाली के किसान धनंजय कुमार इस वर्ष खरीदी केंद्र पहुंचने वाले पहले किसान रहे। उन्होंने अपने 30 क्विंटल धान के विक्रय हेतु पंजीकरण कराया। मौके पर उपस्थित अधिकारियों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए सफल उपार्जन सत्र की कामना की।
किसानों की सुविधा के लिए केंद्र में पेयजल, छाया, बैठने की व्यवस्था सहित सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं। सुगम प्रक्रिया और बेहतर प्रबंध देखकर किसानों ने संतोष और प्रसन्नता व्यक्त की। धान उपार्जन के शुभारंभ के साथ ही पाली क्षेत्र के किसानों में नए उत्साह, उमंग और राहत की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही है।