कमांडेंट की प्रताड़ना से आहत नगर सैनिक का आत्महत्या का प्रयास, बहाली और कार्रवाई की मांग को लेकर कोरबा में धरना प्रदर्शन

कोरबा में नगर सेना के जवान संतोष पटेल ने बर्खास्तगी से आहत होकर आत्महत्या का प्रयास किया। इस घटना के विरोध में नगर सैनिक कार्यालय परिसर में धरने पर बैठे हैं। वे पीड़ित जवान की बहाली, जिला सेनानी के तबादले और दोषी अधिकारी के खिलाफ एफआईआर की मांग कर रहे हैं।

Jan 28, 2026 - 10:54
 0  10
कमांडेंट की प्रताड़ना से आहत नगर सैनिक का आत्महत्या का प्रयास, बहाली और कार्रवाई की मांग को लेकर कोरबा में धरना प्रदर्शन

UNITED NEWS OF ASIA. भूपेंद्र साहू, कोरबा। नगर सेना के जवान संतोष पटेल द्वारा आत्महत्या के प्रयास की घटना ने पूरे विभाग को झकझोर कर रख दिया है। बताया जा रहा है कि बर्खास्तगी से आहत होकर संतोष पटेल ने कलेक्टर परिसर में जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। उनकी हालत गंभीर होने पर उन्हें तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल कोरबा में भर्ती कराया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उन्हें रायपुर रेफर कर दिया। वर्तमान में उनका इलाज जारी है।

इस घटना के विरोध में नगर सेना के जवान कार्यालय परिसर में धरने पर बैठ गए हैं। प्रदर्शन कर रहे नगर सैनिकों का आरोप है कि संतोष पटेल को कमांडेंट एवं वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था, जिससे मानसिक रूप से परेशान होकर उन्होंने यह कदम उठाया। नगर सैनिकों का कहना है कि यदि समय रहते उनकी शिकायतों पर ध्यान दिया जाता, तो यह घटना टाली जा सकती थी।

धरने पर बैठे नगर सैनिकों ने तीन प्रमुख मांगें रखी हैं। इनमें पीड़ित जवान संतोष पटेल की तत्काल बहाली, जिला सेनानी के तबादले, तथा दोषी अधिकारी अनुज एक्का के खिलाफ एफआईआर दर्ज किए जाने की मांग शामिल है। प्रदर्शनकारी जवानों का कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी, तब तक वे आंदोलन जारी रखेंगे।

घटना और प्रदर्शन की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले मौके पर पहुंचे और नगर सैनिकों से चर्चा की। उन्होंने प्रदर्शनकारियों को समझाइश देने का प्रयास किया और उनकी मांगों को उच्च अधिकारियों तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। हालांकि, नगर सैनिकों ने साफ शब्दों में कहा कि केवल आश्वासन से काम नहीं चलेगा और ठोस कार्रवाई होने तक वे धरने पर डटे रहेंगे।

इस पूरे मामले ने नगर सेना के भीतर कार्यप्रणाली और अधिकारियों के व्यवहार पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। नगर सैनिकों का कहना है कि विभाग में अनुशासन के नाम पर मानसिक प्रताड़ना की जा रही है, जिससे जवानों का मनोबल टूट रहा है।

फिलहाल प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है, वहीं संतोष पटेल के स्वास्थ्य को लेकर भी सभी की निगाहें रायपुर के अस्पताल पर टिकी हुई हैं।