हरडुवा जलाशय में युवती की हत्या का सनसनीखेज खुलासा, प्रेम संबंध के बाद शादी से इनकार बना हत्या की वजह

खैरागढ़ के हरडुवा जलाशय में युवती की हत्या के मामले में पुलिस ने महज 6 घंटे में अंधे कत्ल का खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। प्रेम संबंध के बाद शादी से इनकार को लेकर आरोपी ने युवती की पत्थर से हत्या कर शव जलाशय में फेंक दिया था।

Jan 28, 2026 - 10:59
 0  10
हरडुवा जलाशय में युवती की हत्या का सनसनीखेज खुलासा, प्रेम संबंध के बाद शादी से इनकार बना हत्या की वजह

UNITED NEWS OF ASIA. मनोहर सेन, खैरागढ़। थाना ठेलकाडीह क्षेत्र अंतर्गत हरडुवा जलाशय बांध में युवती की हत्या कर शव को पानी में फेंकने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने महज 6 घंटे के भीतर अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इस त्वरित कार्रवाई से पुलिस की कार्यकुशलता एक बार फिर सामने आई है।

पुलिस के अनुसार 26 जनवरी 2026 को दोपहर लगभग 12 बजे हरडुवा जलाशय के निकासी गेट के पास पानी में एक अज्ञात युवती का शव तैरते हुए दिखाई दिया। सूचना मिलते ही थाना ठेलकाडीह पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए जांच शुरू की गई। प्रारंभिक जांच में हत्या की आशंका जताई गई।

जांच के दौरान शव के पास मिले एक कैरी बैग में मृतिका का आधार कार्ड, चप्पल और अस्पताल से जुड़े दस्तावेज पाए गए, जिसके आधार पर उसकी पहचान रूपा साहू (21 वर्ष), निवासी रामनगर मुक्तिधाम, सुपेला भिलाई, थाना वैशाली नगर, जिला दुर्ग के रूप में हुई। परिजनों को सूचना देकर मौके पर बुलाया गया। देहाती नालसी दर्ज कर शव का पंचनामा किया गया और पोस्टमार्टम कराया गया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यह स्पष्ट हुआ कि मृतिका के सिर पर किसी कठोर और भारी वस्तु से कई वार किए गए थे, जिससे अत्यधिक रक्तस्राव हुआ और उसकी मौत हो गई। परिजनों से पूछताछ में सामने आया कि रूपा साहू का प्रेम संबंध हरडुवा निवासी आनंद वर्मा पिता राधेलाल वर्मा से था, जो शादी करने से इनकार कर रहा था।

पुलिस द्वारा आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर उसने अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपी ने बताया कि वह युवती से पीछा छुड़ाना चाहता था। 25 जनवरी 2026 को वह उसे मोटरसाइकिल से हरडुवा जलाशय ले गया और पत्थर से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी। बाद में शव को छिपाने के लिए गमछा से बांधकर बड़े पत्थर के साथ जलाशय में फेंक दिया।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त पत्थर, खून लगे कपड़े और मोटरसाइकिल जब्त की। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को 27 जनवरी 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। इस पूरे मामले में एसडीओपी खैरागढ़, साइबर सेल और थाना ठेलकाडीह पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उत्कृष्ट कार्य के लिए विवेचना टीम को पुलिस महानिरीक्षक राजनांदगांव द्वारा इनाम देने की घोषणा की गई है।