कलेक्टर ने समिति प्रबंधकों की बैठक लेकर धान खरीदी व्यवस्था सुचारू करने दिए निर्देश

कवर्धा कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा ने सभी समिति प्रबंधकों की बैठक लेकर धान खरीदी की पारदर्शी व सुव्यवस्थित व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु शासन के नए दिशा-निर्देशों के अनुपालन के निर्देश दिए।

Nov 22, 2025 - 17:45
 0  16
कलेक्टर ने समिति प्रबंधकों की बैठक लेकर धान खरीदी व्यवस्था सुचारू करने दिए निर्देश

 UNITED NEWS OF ASIA. कवर्धा। जिले में सुचारू और पारदर्शी धान खरीदी व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर  गोपाल वर्मा ने शनिवार को कलेक्ट्रेट सभा कक्ष में सभी समिति प्रबंधकों की महत्वपूर्ण बैठक ली। उन्होंने स्पष्ट कहा कि धान खरीदी शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक है, इसलिए हर स्तर पर प्रक्रिया सुव्यवस्थित हो और किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।

कलेक्टर ने बताया कि इस वर्ष सरकार द्वारा धान खरीदी हेतु नए दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं, जिनमें किसानों को एकड़ के आधार पर टोकन जारी करने की व्यवस्था, धान की किस्मवार स्टेकिंग और गेट पास ऐप का अनिवार्य उपयोग शामिल हैं। निर्देशानुसार 2 एकड़ से कम वाले किसानों को एक टोकन, 2 से 10 एकड़ तक दो टोकन और 10 एकड़ से अधिक वाले किसानों को तीन टोकन जारी किए जाएंगे।

कलेक्टर ने खरीदी केंद्र में लाए गए धान के वाहन की तस्वीर गेट पास ऐप में अपलोड करना अनिवार्य करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि उपार्जन केंद्रों में धान की स्टेकिंग को किस्मवार व्यवस्थित करना अत्यंत आवश्यक है ताकि गुणवत्ता और रिकॉर्ड में पारदर्शिता बनी रहे। कलेक्टर वर्मा ने समिति स्तर की किसानों की समस्याओं का त्वरित निराकरण कर उन्हें तत्काल उच्च अधिकारियों को अवगत कराने की बात कही। बैठक में संयुक्त कलेक्टर  आर.बी. देवांगन, उप पंजीयक सहकारिता  जी.एस. शर्मा, खाद्य अधिकारी सचिन मरकाम, डीएमओ श्री अभिषेक मिश्रा, सीसीबी नोडल श्री आर.पी. मिश्रा सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी एवं सहकारी समितियों के प्रबंधक उपस्थित रहे।