कारों के शीशे तोड़कर चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 4 आरोपी गिरफ्तार

सक्ती जिले के मालखरौदा और जैजैपुर क्षेत्र में कारों के शीशे तोड़कर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में दो युवकों और दो विधि से संघर्षरत बालकों को पकड़कर चोरी का सामान और नकदी बरामद की गई है।

Jun 24, 2026 - 10:36
 0  2
कारों के शीशे तोड़कर चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 4 आरोपी गिरफ्तार

UNITED NEWS OF ASIA. सक्ती। जिले के मालखरौदा और जैजैपुर क्षेत्र में खड़ी कारों के शीशे तोड़कर चोरी की वारदातों से लोगों में दहशत फैलाने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों और दो विधि से संघर्षरत बालकों को गिरफ्तार कर चोरी के सामान और नकदी बरामद की है।

पुलिस के अनुसार मई 2026 में मालखरौदा और जैजैपुर थाना क्षेत्रों में लगातार कई चोरी की घटनाएं सामने आई थीं। अज्ञात आरोपियों ने गांवों और सड़क किनारे खड़ी चारपहिया वाहनों के शीशे तोड़कर उनमें रखी नकदी, इलेक्ट्रॉनिक वायर, जैक, पाना और अन्य सामान चोरी कर लिया था। इन घटनाओं के संबंध में मालखरौदा थाना में छह और जैजैपुर थाना में पांच अपराध दर्ज किए गए थे।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर के निर्देशन में विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने करीब 20 से 25 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। साथ ही घटनास्थलों से प्राप्त मोबाइल टॉवर डंप का विश्लेषण करते हुए लगभग 4000 मोबाइल नंबरों की जांच की गई। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर खरसिया, रायगढ़ और अन्य स्थानों पर छापेमारी कर संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की गई।

जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। पुलिस ने गुलशन कुमार बरेठ को उस समय पकड़ा जब वह कथित रूप से दिल्ली भागने की तैयारी में था। उसे खरसिया रेलवे स्टेशन से हिरासत में लिया गया। इसके अलावा अन्य संदिग्धों को भी उनके घरों से पकड़कर पूछताछ की गई।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद पुलिस ने हर्ष सिदार उर्फ बिट्टू, गुलशन कुमार बरेठ तथा दो विधि से संघर्षरत बालकों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया। सभी आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई के लिए भेजा गया है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई नकदी में से 4 हजार रुपये, पांच जैक, पांच रॉड, दो बंडल इलेक्ट्रॉनिक वायर, दो स्टेपनी टायर और दो डीजल वाइब्रेटर मशीनें बरामद की हैं। बरामद सामान की पहचान कर उसे संबंधित प्रार्थियों को सौंपने की प्रक्रिया की जा रही है।

जांच में सामने आया कि आरोपियों ने मालखरौदा और जैजैपुर क्षेत्र के काशीगढ़, तुषार, बोदसरा, कचंदा, पीहरीद, छोटे सीपत, कलमी और जमगहान सहित विभिन्न स्थानों पर खड़ी कारों को निशाना बनाया था।

पुलिस ने बताया कि मामले के खुलासे में साइबर सेल और दोनों थाना क्षेत्रों के पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। तकनीकी विश्लेषण, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य और सतत निगरानी के माध्यम से पुलिस ने बहुचर्चित चोरी की वारदातों का सफलतापूर्वक खुलासा किया। मामले में आगे की विवेचना जारी है।