बिरगुड़ी में हरेली तिहार धूमधाम से मनाया गया, पारंपरिक खेलों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में दिखा उत्साह
बिरगुड़ी में हल्बा समाज युवा प्रकोष्ठ द्वारा हरेली तिहार उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। ग्रामीणों ने कृषि औजारों, हल-बैल और पशुधन की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की। कार्यक्रम में हांडी फोड़, रस्साकसी, कुर्सी दौड़, कबड्डी सहित विभिन्न पारंपरिक खेल और सांस्कृतिक गतिविधियां आयोजित की गईं।
UNITED NEWS OF ASIA. रिजवान मेमन, धमतरी l हल्बा समाज युवा प्रकोष्ठ द्वारा ग्राम बिरगुड़ी में छत्तीसगढ़ के पारंपरिक एवं प्रमुख पर्व हरेली तिहार को उत्साह और उमंग के साथ धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर ग्रामीणों ने विधि-विधान से कृषि औजारों, हल-बैल एवं पशुधन की पूजा-अर्चना की तथा अच्छी फसल, सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
हरेली तिहार के अवसर पर गांव में विशेष उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने पारंपरिक खेल-कूद और सांस्कृतिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। हांडी फोड़, रस्साकसी, कुर्सी दौड़ और कबड्डी सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन खेलों में बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जनपद सदस्य प्रमोद कुंजाम ने हरेली तिहार की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हरेली केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की कृषि संस्कृति, प्रकृति और ग्रामीण जीवन से जुड़ी गौरवशाली परंपरा है। ऐसे आयोजन समाज की सांस्कृतिक विरासत को सहेजने और नई पीढ़ी तक परंपराओं को पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
उन्होंने कहा कि हरेली पर्व किसानों और कृषि जीवन से जुड़ी परंपराओं को सम्मान देने का अवसर है। ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के सामूहिक आयोजन आपसी भाईचारे, एकता और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करते हैं। उन्होंने सभी ग्रामीणों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में सरपंच अमृतलाल नाग, उपसरपंच अकबर कश्यप, अध्यक्ष हूमन बीसेन, सचिव बुधेश नायक सहित नवीन गौर, विकाश शांडिल्य, संजय शांडिल्य, डाकेन्द्र कश्यप, हेमिन बीसेन, चमेलीबाई देव, कीर्तनीबाई गौर, वसिष्ट बीसेन, गोवर्धन नाग और शुभम गौर उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन संतोष नाग ने किया। हरेली तिहार के आयोजन में ग्रामीणों की बड़ी संख्या में सहभागिता रही। पारंपरिक पूजा-अर्चना, खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियों के बीच पूरे गांव में उत्सव और उल्लास का माहौल बना रहा।