UNITED NEWS OF ASIA. हेमंत पाल, धमधा l धमधा क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी और लूट की घटनाओं से लोगों में दहशत बढ़ती जा रही है। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक चोरों के सक्रिय होने की बात सामने आ रही है। कई मामलों में अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठने लगे हैं।
धमधा रोड पर कपड़ा व्यापारी से लूट, महामाया मंदिर के पास चोरी और ग्राम पंचायत रौंदा में करीब चार महीने के भीतर आठ घरों में चोरी की घटनाओं ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं से ग्रामीणों और व्यापारियों में भय का माहौल है।
ग्राम रौंदा निवासी इरफान फिलारी के घर में हाल ही में चोरी की घटना सामने आई। चोर घर से चांदी के सामान के साथ करीब 5 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में लोगों की चिंता और बढ़ गई है।
ग्रामीणों का दावा है कि चोरी की कुछ घटनाओं में सीसीटीवी फुटेज भी सामने आए हैं। इसके बावजूद आरोपियों की गिरफ्तारी और मामलों के खुलासे का इंतजार है। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार हो रही घटनाओं के कारण रात के समय घरों और दुकानों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी रहती है।
धमधा क्षेत्र में चोरी और लूट की बढ़ती घटनाओं ने पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से इन मामलों में तेजी से जांच करने, संदिग्धों की पहचान कर आरोपियों को गिरफ्तार करने और क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।
अब लोगों की नजर पुलिस की आगामी कार्रवाई पर है। लगातार सामने आ रही चोरी और लूट की घटनाओं का पुलिस कब तक खुलासा करती है और आरोपियों तक कब पहुंचती है, यह देखने वाली बात होगी।