विधायक भावना बोहरा ने पंडरिया शक्कर कारखाने में गन्ना खरीदी-पेराई सत्र का शुभारंभ किया, सरदार पटेल की प्रतिमा और हनुमान मंदिर स्थापना की घोषणा

पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल सहकारी शक्कर कारखाना में गन्ना खरीदी एवं पेराई सत्र 2025-26 का शुभारंभ किया। उन्होंने कारखाना परिसर में सरदार पटेल की प्रतिमा और हनुमान मंदिर स्थापना की घोषणा की तथा किसानों को शेयर प्रमाण पत्र वितरित किए।

Nov 10, 2025 - 17:52
 0  23
विधायक भावना बोहरा ने पंडरिया शक्कर कारखाने में गन्ना खरीदी-पेराई सत्र का शुभारंभ किया, सरदार पटेल की प्रतिमा और हनुमान मंदिर स्थापना की घोषणा

UNITED NEWS OF ASIA. पंडरिया । पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने आज लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल सहकारी शक्कर कारखाना मर्यादित, पंडरिया में केन केरियर और भगवान सत्यनारायण जी की पूजा-अर्चना कर गन्ना खरीदी एवं पेराई सत्र 2025-26 का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने किसानों को शेयर प्रमाण पत्र वितरित किए और कारखाना परिसर में सरदार पटेल की प्रतिमा तथा हनुमान मंदिर स्थापना की घोषणा की।

विधायक बोहरा ने कहा कि पंडरिया का यह शक्कर कारखाना किसानों की मेहनत और संगठन की मिसाल है। अब तक 12 हजार से अधिक शेयर धारक किसान इससे जुड़े हैं, जिन्हें प्रत्यक्ष आर्थिक लाभ प्राप्त हो रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की प्राथमिकता किसानों का सम्मान और आर्थिक सशक्तिकरण है।

 

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार किसानों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। हाल ही में केंद्र सरकार द्वारा गन्ना समर्थन मूल्य को 355 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है, जो किसानों के लिए बड़ी राहत है। साथ ही राज्य सरकार ने धान की कीमत 3100 रुपये प्रति क्विंटल तय कर किसानों की आय को बढ़ाने का काम किया है।

 

भावना बोहरा ने कहा कि दीपावली के पूर्व किसानों को बकाया राशि, प्रोत्साहन राशि और रिकवरी राशि का भुगतान कर सरकार ने किसानों के उत्सव को और उल्लासमय बना दिया। उन्होंने बताया कि ड्रोन दीदी और लखपति दीदी जैसी योजनाएं ग्रामीण महिला सशक्तिकरण का उदाहरण हैं।

 

विधायक बोहरा ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, पीएम फसल बीमा योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, और राज्य सरकार की किसान समृद्धि योजना जैसे प्रयासों से छत्तीसगढ़ के कृषक वर्ग को सशक्त बनाया जा रहा है। भूमिहीन किसानों के लिए 10,000 रुपये की वार्षिक सहायता राशि भी सरकार की किसान हितैषी नीति को दर्शाती है।

कार्यक्रम के दौरान विधायक बोहरा ने कहा कि आने वाले वर्षों में पंडरिया का यह शक्कर कारखाना न केवल गन्ना उत्पादन का केंद्र बनेगा, बल्कि यहां स्थापित होने वाली प्रतिमा और मंदिर ग्रामीण आस्था तथा सांस्कृतिक एकता का प्रतीक होंगे। उन्होंने सभी किसानों से एकजुट होकर विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।